जितिया व्रत के नहाय खाय पर खाया जाता है नोनी का साग, यहां से नोट कर लें इसकी आसान रेसिपी
जितिया व्रत (Jitiya Vrat 2025) बिहार झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मनाया जाने वाला एक त्योहार है जिसमें महिलाएं अपने बच्चों के लिए व्रत रखती हैं। इस दिन महिलाएं निर्जला उपवास रखती हैं और बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं। इससे एक दिन पहले नहाय-खाय पर नोनी का साग खाया जाता है। आइए जानें इसकी रेसिपी।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जितिया व्रत इस साल 14 सितंबर को किया जाएगा। यह मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मनाया जाता है। यह व्रत माताएं अपने बच्चों की लंबी उम्र के लिए रखती हैं। इस दिन माताएं दिनभर निर्जला उपवास रखती हैं और जीमूतवाहन भगवान की पूजा की जाती है। इस व्रत से एक दिन पहले नहाय-खाय होता है, जिस दिन महिलाएं नोनी का साग (Jitiya Vrat Food Recipe) खाती हैं।
दरअसल, इस व्रत में नोनी के साग और मडुआ की रोटी का काफी महत्व होता है। नोनी का साग धार्मिक महत्व तो रखता ही है। साथ ही, यह सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। अगर आप भी जितिया व्रत रख रही हैं और इसके लिए नोनी का साग बनाना है, तो हम यहां इसकी बेहद आसान रेसिपी (Noni Saag Recipe) बताने वाले हैं। आइए जानें नोनी का साग कैसे बनाया जाता है।
नोनी का साग कैसे बनाएं?
सामग्री-
- 1 गुच्छा नोनी का साग
- 2-3 हरी मिर्च
- जीरा और मेथी दाना
- हल्दी पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- सरसों का तेल
- 2 सूखे लाल मिर्च
बनाने की विधि-
- सबसे पहले, नोनी के साग को अच्छे से साफ करके धो लें। इसकी पत्तियों को तोड़कर अलग कर लें और हरी मिर्च को बारीक काट लें।
- अब नोनी के साग को बारीक-बारीक काट लें।
- इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा सरसों का तेल गरम करें। तेल गरम होने पर इसमें जीरा और मेथी दाना डालें। जब ये दोनों भुन जाएं, तो इसमें कटी हुई हरी मिर्च डालें। आप चाहें तो इसमें सूखी लाल मिर्च भी डाल सकते हैं।
- इसके बाद कड़ाही में कटा हुआ नोनी का साग और स्वादानुसार नमक और हल्दी डालें।
- साग को अच्छे से मिलाएं ताकि नमक और मसाले उसमें मिल जाएं।
- कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर साग को तब तक पकाएं जब तक कि वह नरम न हो जाए और उसका पानी सूख न जाए। इसमें लगभग 5-10 मिनट का समय लगेगा। साग को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह जले नहीं।
- जब साग अच्छी तरह से पक जाए और पानी सूख जाए, तो गैस बंद कर दें।
- नोनी का साग बनकर तैयार है। इसे मडुए की रोटी के साथ खाएं।
यह भी पढ़ें- जितिया व्रत में क्या करें और क्या नहीं? एक क्लिक में जानिए व्रत से जुड़े सभी नियम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।