विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा पर कोलकाता जा रहे हैं? तो पंडाल हॉपिंग के साथ मिस न करें ये 'आईकॉनिक' स्ट्रीट फूड्स

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:00 PM (IST)

दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता घूमने वालों के लिए शहर के मशहूर स्ट्रीट फूड्स का अनुभव लेना यादगार हो सकता है।

कोलकाता के लाजवाब स्ट्रीट फूड्स (Picture Courtesy: Instagram)

कोलकाता के लाजवाब स्ट्रीट फूड्स (Picture Courtesy: Instagram)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दुर्गा पूजा की असली रौनक कोलकाता में ही देखने को मिलती है। शहर के हर कोने में सजे हुए पंडाल, गूंजती ढाक की थाप और रोशनी से जगमगाती सड़कें कोलकाता को और भी खूबसूरत बना देती हैं। इसलिए कई लोग दुर्गा पूजा के समय कोलकाता घूमने जाने का प्लान बनाते हैं।  

हालांकि, कोलकाता घूमने का असली मजा तभी मिलता है, जब आप वहां के मशहूर स्ट्रीट फूड्स का लुत्फ उठाते हैं। पंडाल हॉपिंग के दौरान अगर आपकी भूख बढ़ जाए, तो कोलकाता के ये मशहूर स्ट्रीट फूड्स आपके सफर को और भी यादगार बना देंगे। 

झालमुढ़ी 

बंगाली स्ट्रीट फूड झालमुढ़ी के बिना अधूरा माना जाता है। झालमुढ़ी मसालों और मुरमुरे को मिलाकर बनाया जाता है। मुरमुरे में भुनी हुई मूंगफली, चनाचूर, उबले आलू के छोटे टुकड़े, प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और मसाले मिलाए जाते हैं। इसके ऊपर थोड़ा सा सरसों का तेल और नींबू का रस डाला जाता है, जो झालमुढ़ी के स्वाद और भी लाजवाब बना देता है। 

फुचका

देश के दूसरे हिस्सों में भले ही इसे गोलगप्पा या पानी पुरी कहा जाता है, लेकिन कोलकाता में ये फुचका कहलाता है और ऐसा स्वाद भी आपको और कहीं नहीं मिलेगा। फुचके में उबले हुए चने, आलू का तीखा मिश्रण और खट्टे-मीठा पानी डाला जाता है। फुचके का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि आप एक खाकर रुकेंगे ही नहीं। 

घुघनी चाट 

घुघनी चने को कहते हैं और उससे बनी चाट को घुघनी चाट कहा जाता है। सफेद चने को गाढ़ी ग्रेवी में पकाया जाता है। चाय में गर्म-गर्म घुघनी पर बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, भुना हुआ जीरा पाउडर और इमली की चटनी डाली जाती है। इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि आपका बार-बार इसे खाने का दिल करेगा। 

काठी रोल 

कोलकाता का स्ट्रीट फूड काठी रोल के बिना अधूरा है। ये यहां का सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड है। मैदे के लच्छेदार पराठे में चिकन, मटन या पनीर के टुकड़ों को अंडे के साथ लपेटा जाता है। इसके ऊपर चाट मसाला, नींबू का रस ढेर सारे प्याज के लच्छे और चटनी को रोल किया जाता है। एक काठी रोल खाकर ही आपका पेट पूरी तरह भर जाएगा। 

कबिराजी कटलेट 

ये अंडे की कोटिंग वाला कटलेट होता है, जो कोलकाता में काफी मशहूर है। चिकन, मटन या फिश की कीमा मसालों में पकाया जाता है और फिर ब्रेडक्रंब्स और अंडे के घोल में डिप करके इसे डीप फ्राई किया जाता है। ये बाहर से कुरकुरा और अंदर से बिल्कुल मुलायम होता है।