दुर्गा पूजा में CR Park जा रहे हैं? पंडाल हॉपिंग के साथ मिस न करें ये 5 मशहूर बंगाली स्ट्रीट फूड्स
दिल्ली में दुर्गा पूजा के दौरान चित्तरंजन पार्क की रौनक देखने लायक होती है। पंडाल हॉपिंग के साथ यहां के मशहूर बंगाली स्ट्रीट फूड्स का स्वाद लेना न भूलें।

सीआर पार्क जाए, तो जरूर चखें ये फूड्स (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में दुर्गा पूजा की असली धूम देखनी है, तो चित्तरंजन पार्क (CR Park) से बेहतर कोई दूसरी जगह नहीं है। मिनी कोलकाता के नाम से मशहूर सीआर पार्क इन दिनों रोशनी, भव्य पंडालों और मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा है।
अगर पंडाल हॉपिंग के लिए आप भी सीआर पार्क जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको वहां के कुछ खास स्ट्रीट फूड्स भी ट्राई करने चाहिए। आइए जानें सीआर पार्क में बंगाली जायका का लुत्फ लेने के लिए किन फूड्स को जरूर ट्राई करना चाहिए।
दही फुचका
गोलगप्पे तो आपने खाए ही होंगे, लेकिन कोलकाता स्टाइल में दही फुचका का मजा ही कुछ और है। कुरकुरे फुचके के अंदर भरा आलू का मसाला, इमली की खट्टा-मीठी चटनी, ऊपर से भेंटा हुआ ठंडा-ठंडा दही और सेव की बात ही कुछ और है। इन दही फुचकों का स्वाद आपको दिल्ली में शायद ही कहीं और मिले।
आलू चॉप
बंगाली स्टाइल में आलू चॉप एक तरह का कटलेट होता है, जिसके अंदर आलू और मटर की मसालेदार स्टफिंग होती है। इसे बाहर से ब्रेड क्रम्ब्स या बेसन में लपेटकर तला जाता है। ये बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम होता है। तीखी हरी चटनी या मस्टर्ड सॉस के साथ इसका मजा ही कुछ और होता है।
फिश कटलेट
नॉन वेजिटेरियन्स के लिए सीआर पार्क का फिश कटलेट किसी ट्रीट से कम नहीं है। बंगाली फिश कटलेट की खासियत होती है कि इसमें मछली के फिलेट्स को मसाले में मैरिनेट करके, ब्रेडक्रम्ब्स की मोटी परत चढ़ाकर डीप फ्राई किया जाता है। इसकी बाहरी परत काफी क्रिस्पी होती है और अंदर से नरम-नरम मछली का मजा लाजवाब होता है।
कोलकाता स्टाइल काठी रोल
अगर पंडाल हॉपिंग के बीच आपको तेज भूख लगी है और आप कुछ ऐसा खाना चाहते हैं, जिससे आपका पेट भर जाए, तो काठी रोल से बेहतर कुछ नहीं। मैदे के पतले पराठे को सेककर अंदर जूसी चिकन, मटन या पनीर के टुकड़ों को प्याज, चटनी और खास मसालों के साथ लपेटा जाता है। ऊपर से नींबू का रस और चाट मसाला छिड़कने के बाद इसका स्वाद लाजवाब हो जाता है।
छेना जलेबी
बंगाली खाने में मिठाइयों की भी खास जगह होती है। सीआर पार्क की दुकानों में मिलने वाली छेना जलेबी ताजे छेने और मैदे से बनती है। फिर इसे चाशनी में डुबोया जाता है। ये जलेबी इतनी रसीली और मजेदार होती है कि एक जलेबी से आपका मन ही नहीं भरेगा।
