रोज वाली सादी मेथी की सब्जी को दें रेस्टोरेंट स्टाइल टच, नखरीले बच्चे भी शौक से खाएंगे मेथी मलाई मटर
रोज वाली सूखी और सादी मेथी की सब्जी खाकर अगर आप बोर हो गए हैं, तो यह डिश आपके लिए एकदम परफेक्ट है।

घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी क्रीमी मेथी मलाई मटर (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सर्दियों का मौसम हो और रसोई में हरी सब्जियों की महक न आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता… लेकिन जब बात 'मेथी' की आती है, तो अक्सर बड़ों से लेकर बच्चों तक के मुंह बन जाते हैं। मेथी की हल्की कड़वाहट नखरीले बच्चों को बिल्कुल पसंद नहीं आती।
ऐसे में, क्या हो अगर इसी सिंपल-सी मेथी को हम एक ऐसा रेस्टोरेंट स्टाइल ट्विस्ट दें कि बच्चे उंगलियां चाटते रह जाएं? जी हां, हम बात कर रहे हैं लजीज 'मेथी मलाई मटर' की।
इस सब्जी की खासियत यह है कि इसमें ताजी मलाई का रिच स्वाद और हरे मटर की मिठास मेथी की कड़वाहट को पूरी तरह से गायब कर देती है। इसका टेक्सचर इतना मखमली होता है कि यह मुंह में जाते ही घुल जाती है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
जरूरी सामग्री
- 2 कप ताजी मेथी (बारीक कटी और अच्छे से धुली हुई)
- 1 कप हरे मटर (उबले हुए)
- आधा कप ताजी मलाई या ताजी क्रीम
- 2 प्याज और 2 टमाटर (कटे हुए)
- 8-10 काजू (ग्रेवी को गाढ़ा और रेस्टोरेंट जैसा बनाने के लिए)
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 2 हरी मिर्च
- आधा चम्मच जीरा, एक चुटकी हींग
- सूखे मसाले: हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक।
- 2 बड़े चम्मच तेल या मक्खन
बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल या मक्खन लें और बारीक कटी हुई मेथी को 2-3 मिनट के लिए हल्का सा भून लें। ऐसा करने से मेथी सिकुड़ जाएगी और उसका सारा कड़वापन खत्म हो जाएगा। इसे निकालकर एक प्लेट में रख लें।
- अब उसी पैन में थोड़ा सा तेल डालें। इसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन और काजू डालकर तब तक भूनें जब तक कि टमाटर नरम न हो जाएं। गैस बंद करें और इस मिश्रण को ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर में पीसकर एक स्मूद और क्रीमी पेस्ट बना लें।
- अब एक कड़ाही में तेल या मक्खन गरम करें। इसमें जीरा और हींग का तड़का लगाएं। इसके बाद तैयार किया हुआ प्याज-टमाटर और काजू का पेस्ट डाल दें। इसे धीमी आंच पर तब तक भूनें जब तक कि मसाले से तेल न अलग होने लगे। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिला लें।
- मसाले के अच्छे से भुन जाने के बाद, इसमें उबले हुए हरे मटर और भुनी हुई मेथी डाल दें। सबको अच्छी तरह मिलाएं और जरूरत के हिसाब से थोड़ा सा पानी डाल दें। इसे ढककर 4-5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें ताकि सारे फ्लेवर आपस में मिल जाएं।
- अब गैस को बिल्कुल धीमा करें और इसमें ताजी मलाई या क्रीम और थोड़ा-सा गरम मसाला मिला दें। इसे बस एक मिनट तक और पकाएं और फिर गैस बंद कर दें। ध्यान रहे, मलाई डालने के बाद सब्जी को ज्यादा नहीं उबालना चाहिए।
- आपकी रेस्टोरेंट स्टाइल मेथी मलाई मटर बनकर बिल्कुल तैयार है। इसे गरमा-गरम तंदूरी रोटी, मक्खन वाले लच्छा पराठे या फिर जीरा राइस के साथ परोसें। यकीन मानिए, अगली बार जब आप बाजार से मेथी लाएंगे, तो घर के बच्चे खुद आपसे इस डिश को बनाने की फरमाइश करेंगे।
यह भी पढ़ें- सर्दी के मौसम में में शरीर को अंदर से गर्माहट देगा ये गर्मा-गर्म 'चिकन-कॉर्न सूप', उंगलियां चाटते रह जाएंगे लोग