दाल के साथ अचार की तरह खाएं भरवां बेसन मिर्ची, बिना भूख के भी खा जाएंगे 4 रोटी; नोट करें रेसिपी
पारंपरिक राजस्थानी भरवां बेसन मिर्ची की सब्जी दाल के साथ एक बेहतरीन साइड डिश है।

भरवां बेसन मिर्ची सब्जी रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आपने राजस्थान के पारंपरिक व्यंजन दाल-बाटी चूरमा को खाया है तो उसके साथ परोसी जाने वाली बेसन मिर्ची का स्वाद भी जरूर चखा होगा। इस सब्जी की सबसे खास बात यह है कि इसे कई दिनों तक रखकर खाया जा सकता है।
वहीं, अगर आप रोज-रोज एक ही तरह की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं या कुछ तीखा चटपटा खाने की क्रेविंग हो रही है, तो यह सब्जी आपके दोपहर या रात के खाने के लिए एक परफेक्ट ऑप्शन हो सकती है।
भरवां बेसन मिर्ची सब्जी रेसिपी
बेसन मिर्ची को दाल के साथ अचार की तरह खा सकते हैं, आइए जानते हैं इसकी रेसिपी:
सामग्री
6-7 बड़ी और हरी मिर्च
2-3 छोटे चम्मच बेसन
1/2 चम्मच जीरा
1 चुटकी हींग
1 छोटा चम्मच अमचूर
1/2 छोटा चम्मच हल्दी
1 चम्मच धनिया पाउडर
1 बड़ा चम्मच तेल
2 चम्मच बारीक कटा धनिया
1/4 चम्मच लाल मिर्च
स्वादानुसार नमक
विधि
भरवां बेसन मिर्ची की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले 6-7 बड़ी हरी मिर्च को बीच में से काटकर उसके बीज निकालें और अलग रख लें।
अब मिर्ची के अंदर भरने के लिए मसाला बनाने की तैयारी करें, इसके लिए कड़ाही में 1 बड़ा चम्मच तेल डालें।
इसमें 1/2 चम्मच जीरा और 1 चुटकी हींग डालकर 20 सेकंड्स तक भूनें।
इसके बाद तेल में 2-3 छोटे चम्मच बेसन डालकर कम से कम 10-15 मिनट तक भूनना है।
साथ में अपने स्वाद के हिसाब से थोड़े बहुत मिर्ची के बीज भी मिलाएं, जिससे सब्जी में हल्का तीखापान आ सके।
जब बेसन अच्छे से भुन जाए, तब इसमें 1 छोटा चम्मच अमचूर, 1/2 छोटा चम्मच हल्दी, 1/4 चम्मच लाल मिर्च और 1 चम्मच धनिया पाउडर अच्छे से मिलाएं।
इसके बाद स्वादानुसार नमक मिलाकर 4-5 मिनट तक मसाले को अच्छे से पकने देना है।
आपका बेसन का मसाला तैयार है, इसे बड़ी हरी मिर्च में भर लें।
अब दोबारा कड़ाही में 1 छोटा चम्मच तेल डालकर गर्म करें।
इसमें भरवां मिर्च डालें और उसे 2 मिनट तक फ्राई कर लें।
अगर साबुत मिर्च नहीं परोसनी, तो पकने के बाद मिर्ची को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बाकी बचे बेसन के मसाले को उसके साथ मिला सकते हैं।
राजस्थानी स्पेशल भरवां बेसन मिर्ची की सब्जी तैयार है, इसे दाल के साथ खाने में परोसें।
