पूर्वांचल-बिहार की खास पहचान है दाल की दुल्हन, हंसी-मजाक में बनी थी पहली बार, नोट करें सीक्रेट रेसिपी
सादी दाल को नया ट्विस्ट देने वाला दाल की दुल्हन व्यंजन हंसी-मजाक और गपशप में ईजाद हुआ था।

दाल की दुल्हन रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्वांचल और बिहार में एक ऐसी पारंपरिक डिश बनाई जाती है, जिसे वहां दाल की दुल्हन, दाल पीठी और दाल ढोकली जैसे नामों से जाना जाता है। यह डिश कैसे ईजाद हुई, इसकी भी अपनी एक कहानी है।
कहते हैं कि पहलें के समय में महिलाएं जब एक साथ इकट्ठा होती थीं, तो हंसी मजाक में आटे से दुल्हन के आकार की डिजाइन बना दिया करती थीं। फिर इसी आटे को दाल में डालकर पकाया करती थीं। इस तरह से दाल की दुल्हन रेसिपी पहली बार बनाई गई।
ऐसे में अगर आप अपनी सादी दाल में नया ट्विस्ट चाहते हैं तो इस वीकेंड यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।
दाल की दुल्हन रेसिपी
यह रेसिपी जितनी स्वादिष्ट है, इसे बनाना उतना ही आसान है। आइए जानते हैं इसकी स्पेशल रेसिपी:
सामग्री
1 कप अरहर दाल
2 चम्मच मसूर दाल
1/4 कप मूंग दाल
2 चम्मच चना दाल
1 कप गेहूं का आटा
1/4 कप रागी आटा
2 चम्मच घी
1 चम्मच जीरा
1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
1/4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
तड़के के लिए सामग्री
2 चम्मच घी
2 सूखी लाल मिर्च
1 चुटकी हींग
1/4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
विधि
दाल की दुल्हन बनाने के लिए सबसे पहले 1 कप अरहर दाल, 2 चम्मच मसूर दाल, 1/4 कप मूंग दाल और 2 चम्मच चना दाल को अच्छे से पानी में धोकर बर्तन में अलग रख लें।
अब एक गहरे बर्तन में 2 चम्मच घी गर्म करें और फिर 1 चम्मच जीरा भी भून लें।
जीरा भुन जाने के बाद उसमें धोकर रखी हुई दाल डालकर थोड़ी देर चम्मच से चलाएं।
इसके बाद दाल में 4-5 कप पानी डालने के साथ ही स्वादानुसार नमक, 1/4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर और 1/4 चम्मच हल्दी पाउडर भी डालें।
इसे धीमी आंच पर धीरे-धीरे पकने देना है, तब तक आटे से दुल्हन यानी डंपलिंग्स बनाने की तैयारी करनी है।
इसके लिए एक बड़ी कटोरी में 1 कप गेहूं का आटा और 1/4 कप रागी आटा लें।
इसमें जरूरत अनुसार नमक डालने के बाद पानी डालें और एकदम नरम आटा गूंध लें।
5-6 मिनट तक आटा सेट होने के लिए रखने के बाद इसकी छोटी-छोटी पूरियां बेल लेनी है।
अगर इनका आकार एक जैसा नहीं है तो इन्हें कटोरी की मदद से काट लें।
इन कटी हुई पूरियों को हाथ में लेकर आमने-सामने के दोनों किनारे उठाएं और बीच में एक साथ जोड़ देना है।
अब सभी पूरियों को इस तरह आकार देकर एक-एक करके दाल में डालें।
इसके बाद दाल को 10-12 मिनट तक धीमी आंच पर पकाना है।
सबसे आखिरी स्टेप में एक छोटे पैन में 2 चम्मच देसी घी में एक चुटकी हींग, 2 सूखी लाल मिर्च और 1/4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालकर तड़का तैयार करें।
इसे दाल के ऊपर डालें, आपकी पूर्वांचल और बिहार स्पेशल दाल की दुल्हन रेसिपी तैयार है।
