कड़ाही में बन जाएंगे बेकरी वाले स्पंजी और नरम-नरम कुलचे; न बाहर से मंगाने की जरूरत, न तंदूर की झंझट
घर पर कड़ाही में बेकरी जैसे मुलायम कुलचे आसानी से बनाए जा सकते हैं।

बिना तंदूर कड़ाही में बने नरम कुलचे (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम अक्सर बाहर ठेले पर मिलने वाले छोले-कुलचे खाते हैं, जिसके आगे रेस्टोरेंट की शाही पनीर भी कई बार फीकी लगती है। पर घर पर कुलचों में वैसा स्वाद नहीं आ पाता है और न ही उसका टेक्स्चर इतना मुलायम होता है।
ऐसे में अगर आप हर बार वीकेंड पर बाहर का कुछ मंगाते हैं तो क्यों न इस बार बेकरी जैसे मुलायम कुलचे घर पर ही बना लिए जाएं और वो भी कड़ाही में? आइए इसे बनाने का तरीका स्टेप-बाय-स्टेप जानते हैं।
सामग्री
500 ग्राम मैदा (12 कुलचे)
1 छोटा चम्मच नमक
1 छोटा चम्मच चीनी
2 चम्मच ड्राई यीस्ट
1/2 कप दही
1 चम्मच ऑयल
2 चम्मच कलौंजी
2 बड़े चम्मच बारीक कटा धनिया
2 बड़े चम्मच खौलता हुआ पानी
जरूरत अनुसार गुनगुना पानी
विधि
घर पर बेकरी जैसे कुलचे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़ी सी परात में 500 ग्राम मैदा डालें।
इसमें 1 छोटा चम्मच नमक, 1 छोटा चम्मच चीनी, 2 चम्मच ड्राई यीस्ट और 1/2 कप दही भी डाल दें।
इसके बाद 2 बड़े चम्मच खौलता हुआ पानी डालकर इसे मिला लेना है और साथ में जरूरत अनुसार गुनगुना पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंथ लें।
यह आटा टूटे नहीं, इसके लिए परात में 1 चम्मच तेल डालकर उसे चिकना कर लेना है। फिर इसे हाथों से थोड़ा और गूंथ लें ताकि आटे में लचीलापन आ पाए।
अब के बड़ी कटोरी लेकर उसमें तेल डालकर चिकना करें और आटे को गोल कर उसपर भी तेल लगाएं।
इसे फर्मेन्ट होने के लिए कम से कम 5-6 घंटे के लिए अलग रख दें।
फिर आटे को चेक करें अगर वह कटोरी में ऊपर की तरफ फूल गया है और हाथ में किसी लास्टिक की तरह लग रहा है, तो कुलचे का आटा तैयार है।
इसकी 10-12 लोइयां बनाकर अलग प्लेट में ढककर रख दें।
नॉन-स्टिकी कड़ाही को गैस पर गर्म होने के लिए रखें।
सूखी मैदा लगाते हुए लोई को बेलकर ऊपर थोड़ा सा पानी लगाएं।
इसके ऊपर थोड़ी सी कलौंजी और धनिया डालकर हल्का सा बेलन से दबा लें। दूसरी तरफ भी पानी लगा लेना है।
कड़ाही को गर्म करने के बाद गैस को धीमा कर उसमें कुलचा सेंकने के लिए डालें।
कुलचे के आसपास हल्का-हल्का पानी भी डाल दें, जिससे कुलचा मुलायम बने।
फिर एकदम से कड़ाही को ऊपर से प्लेट या ढक्कन से ढक देना है। 30 सेकंड बाद इसको पलटकर दोबारा पानी लगाएं।
कुलचे को दोनों तरफ से 1 मिनट तक पकाने के बाद किसी सूती या मलमल कपड़े पर रखकर कवर कर दें।
ऐसे ही सारे कुलचे सेंकते जाएं और कपड़े में रखते जाएं। इस तरह तैयार है बाजार की बेकरी वाले मुलायम कुलचे। इसे छोले या भाजी के साथ परोसें।