ना देखा होगा ऐसा जश्न, ना सुनी होंगी ऐसी परंपराएं! भारत के इन अनोखे फेस्टिवल में छिपी हैं सदियों पुरानी कहानियां
भारत में कई क्षेत्रीय उत्सव मनाए जाते हैं जो सदियों पुरानी संस्कृति को संजोए हुए हैं।

देशभर में मनाए जाने वाले अनसुने फेस्टिवल्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम साल भर में आने वाले होली, दीवाली, ईद और क्रिसमस जैसे बड़े त्योहारों के नाम तो जानते हैं, लेकिन क्षेत्रीय उत्सवों के बारे में लोगों को बहुत कम जानकारी होती है। भारत के अलग-अलग राज्यों में ऐसे बहुत से paramparikउत्सव मनाए जा रहे हैं, जो सदियों पुरानी संस्कृति को संजोए हुए हैं। आइए देशभर के ऐसे ही उत्सवों पर खास नजर डालते हैं।
थेय्यम फेस्टिवल, केरल
केरल के उत्तरी मालाबार क्षेत्र में कासरगोड़ और कन्नूर इलाके में सदियों से थेय्यम उत्सव मनाया जा रहा है, इसे कालियाट्टम के नाम से भी जाना जाता है। यहां थेय्यम शब्द संस्कृत के ‘दैवम’ से लिया गया है। ऐसी मान्यता है कि यह उत्सव ईश्वर से सीधे बातचीत करने का एक माध्यम है। जिसमें कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य कर अपने पूर्वजों, देवी-देवता और रक्षकों का आह्यवान कर नकारात्मक शक्तियों से सुरक्षा की गुहार लगाते हैं।
रम्माण फेस्टिवल, उत्तराखंड
उत्तराखंड के चमोली जिले में सलूड़-डुंग्रा गांव है, जहां हर साल वैशाख के महीने में रम्माण फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। साल 2009 में इस फेस्टिवल को यूनेस्को की इनटैंजिबल कल्चरल हेरिटेज ऑफ ह्यूमैनिटी लिस्ट में जगह मिली। यह उत्सव गांव के भूमियाल लोकदेवता को समर्पित है जिसमें स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-दमाऊ की 18 तालों पर रामायण के प्रसंगों का मंचन करते नजर आते हैं।
रौलाने फेस्टिवल, हिमाचल प्रदेश
रौलाने सदियों से हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में कल्पा गांव में मनाया जा रहा वो उत्सव है, जिसमें भगवान की नहीं बल्कि सौणी परियों की पूजा की जाती है। इस फेस्टिवल में पुरुष ही दूल्हा-दुल्हन बनकर पूरे गांव में घूमते हैं, परियों की पूजा होती है और आखिर में उन्हें विदा कर दिया जाता है। ऐसी मान्यता है कि ये परियां सर्दियों के मौसम में पहाड़ी इलाके की रक्षा करती हैं।
फूल देई, उत्तराखंड
फूल देई उत्तराखंड का एक बेहद खूबसूरत फेस्टिवल है, जो मन को लोगों के साथ मेलजोल बढ़ाने के साथ ही मन को खुशियों से भर सकता है। यह लोकप्रिय लोकपर्व नए साल और वसंत ऋतु के आगमन के प्रतीक के रूप में हर साल मार्च के महीने में मनाया जाता है।
जीरो म्यूजिक फेस्टिवल, अरुणाचल प्रदेश
जीरो म्यूजिक फेस्टिवल अरुणाचल प्रदेश की जीरो घाटी में सितंबर के आखिरी हफ्ते में 4 दिनों के लिए आयोजित किया जाता है। यह सदियों पुराना त्योहार नहीं है क्योंकि इसकी शुरुआत साल 2012 में बॉबी हानो और 'मेनहोपॉज' बैंड के गिटारिस्ट अनूप कुट्टी ने की थी।
चापचर कुट, मिजोरम
चापचर कुट को मिजोरम के सबसे पुराने उत्सवों में गिना जाता है। यहां चापचर का मतलब पेड़ों और झाड़ियों को काटकर सुखाना, वहीं कूट का मतलब फेस्टिवल होता है। यह उत्सव हर साल मार्च महीने के पहले हफ्ते में झूम खेती की कटाई के बाद मनाया जाता है।
हॉर्नबिल फेस्टिवल, नागालैंड
मिजोरम के चापचर कुट हॉर्नबील नागालैंड का सबसे बड़ा फेस्टिवल है। त्योहारों के त्योहार कहे जाने वाले इस उत्सव का आयोजन राजधानी कोहिमा के पास किसामा हेरिटेज विलेज में हर साल 1-10 दिसंबर के बीच किया जाता है। बता दें कि इसका नाम नागालैंड की जनजाति में सम्मानजनक पक्षी हॉर्नबिल के नाम पर रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।