कहीं बहनें देती हैं भाई को गालियां, तो कहीं पहनाते हैं शक्कर माला; देशभर में निराले हैं भाई दूज के ये रिवाज
भारत में भाई दूज का त्योहार विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग परंपराओं और रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है।

भाई दूज पर अलग अलग राज्यों से जुड़ी परंपराएं (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में त्योहारों की जितनी विविधता है, उतनी ही विविधता एक ही त्योहार को अलग-अलग तरीके से मनाने में भी देखने को मिलती है। भाई दूज भी ऐसा ही त्योहार है, जो ऊपरी तौर पर तो भाई-बहन के प्रेम से जुड़ा फेस्टिवल है, लेकिन सभी राज्यों में इससे जुड़े परंपराएं बहुत अलग हैं।
भाई फोटा, पश्चिम बंगाल
बंगाल में भाई दूज को भाई फोटा कहा जाता है, जो इसी पर्व का एक क्षेत्रीय रूप है। यहां फोटा का मतलब टीका या लेप लगाने से है। इस दिन बहनें भाई के माथे पर चंदन और सिंदूर के साथ दही मिलाकर तिलक लगाती हैं और उनके लिए मंगलकामना करती हैं।
भाऊ बीज, महाराष्ट्र
मराठी संस्कृति में भाई दूज को भाऊ बीज का नाम दिया गया है। इसमें एक स्थान पर चौकोर रंगोली बनाकर उसपर पटला रखा जाता है, इसपर भाई को बिठाकर पहले करीथ नाम का कड़वा फल खिलाया जाता है। उसके बाद तिलक लगाकर परंपरा निभाते हैं। इसके पीछे मान्यता कुछ ऐसी है कि जब भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर का वध किया था, तब इसी फल को चखा था।
यमुना में डुबकी, उत्तर प्रदेश
यूपी के मथुरा में भाई दूज के दिन बहन भाई का हाथ पकड़कर यमुना नदी में डुबकी लगाती है। ऐसा कहा जाता है कि इस परंपरा को निभाने से भाई-बहन को यमलोक के सभी कष्टों से मुक्ति मिल जाती है। इसके अलावा यूपी के बाकी क्षेत्रों में सूखा नारियल यानि गोला और आब देने का भी रिवाज है।
गोधन कुटाई, बिहार और झारखंड
यह यूपी, बिहार और झारखंड के भोजपुरी क्षेत्रों में दीवाली के दो दिन बाद मनाई जाने वाली अनोखी परंपरा है, जिसे गोधन कुटाई कहा जाता है। इसमें गोबर से यम की प्रतिमा बनाकर उसकी पूजा होती है। इसके बाद बहनें अपने भाई को यमराज के कष्टों से मुक्त कराने के लिए गाली या श्राप देती हैं, ताकि उनकी विपत्तियां टल जाएं। फिर अपनी जीभ में कोई कांटा चुभोकर अपनी कही बातों की क्षमा मांगती हैं और गोबर की प्रतिमा की कुटाई करती हैं।
दुति त्यार, उत्तराखंड
उत्तर भारत में दीवाली के दूसरे दिन आने वाले इस त्योहार को जहां भाई दूज या यम द्वितीया कहा जाता है, वहीं उतरराखंड में इसे दुति त्यार या भ्रातृ-टीका के नाम से जानते हैं। इस दिन भाई को टीका करने से पहले च्यूड़ तैयार होता है। इसके लिए तीन-चार दिन पहले से ही धान को एक बर्तन में भिगोकर रख देते हैं, फिर इसका पानी निकालकर चूल्हे में तसले पर रख भून लिया जाता है।
आखिर में इसे कूटकर देसी घी, दूब और कच्ची हल्दी को मिलाते हैं। जिस दिन टीका करना होता है, उससे पहले इस च्यूड़ को मंदिर में रखने के बाद भाई के सिर पर रखा जाता है। बताते चलें कि यह परिवार वालों के सिर पर आशीर्वाद के तौर पर भी रखते हैं।
शक्कर माला रिवाज, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में भाई दूज पर्व पर भाई अपनी बहनों के घर पर उनके हाथों से खाना खाते हैं। कई जगहों पर शक्कर की माला गले में पहनने या उन्हें कलाई पर बांधने का भी रिवाज है।
माखन-मिश्री परंपरा, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में इस दिन बहनें आसन पर चावल के घोल से चौक बनाकर उसपर भाई को बिठाती हैं। फिर उसके हाथों में चावल और सिंदूर का लेप लगाकर तिलक कर माखन-मिश्री खिलाई जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।