पसीने की बदबू से होती है शर्मिंदगी? दिनभर फ्रेश महसूस करने के लिए हाइजीन से जुड़ी इन बातों का रखें ध्यान
पसीने की बदबू बैक्टीरिया और पसीने की प्रतिक्रिया से होती है, जिसे सही हाइजीन से रोका जा सकता है।

पसीने की बदबू से कैसे पाएं छुटकारा? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पसीना एक नॉर्मल बॉडी रिएक्शन है, लेकिन इसके कारण शरीर से बदबू आने की समस्या भी होती है। कुछ लोगों के साथ ये परेशानी ज्यादा होती है, जिसके कारण वो लोगों के साथ उठने-बैठने में झिझक महसूस करने लगते हैं। पसीने की बदबू छिपाने के लिए अक्सर हम महंगे परफ्यूम या डियोड्रेंट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ये कोई परमानेंट सॉल्यूशन नहीं है।
दरअसल, पसीने की कोई गंध नहीं होती है। बदबू तब आती है, जब त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया पसीने के साथ रिएक्ट करते हैं। इसलिए बदबू से बचने के लिए पर्सनल हाइजीन का ध्यान रखना काफी जरूरी है। आइए जानें कैसे आप पसीने की बदबू को रोक सकते हैं।
एंटी-बैक्टीरियल साबुन से नहाएं
पसीने की बदबू रोकने के लिए सबसे जरूरी है कि आप रोजाना अच्छी तरह नहाएं। नहाते समय एंटी-बैक्टीरियल साबुन का इस्तेमाल करें, ताकि शरीर पर जमा बैक्टीरिया साफ हो सकें। साथ ही, नहाते समय अंडरआर्म्स, जांघों के बीच, और पैरों की उंगलियों के बीच अच्छी तरह सफाई करें। इन हिस्सों में सबसे ज्यादा पसीना आता है और बैक्टीरिया भी यहां ज्यादा पनपते हैं। अगर आपको ज्यादा पसीना आता है, तो दिन में दो बार नहाएं।
सही फैब्रिक और कपड़ों की सफाई
हम कैसे कपड़े पहनते हैं और उन्हें कैसे साफ करते हैं, इसका असर भी हमारी शरीर की गंध पर पड़ता है। सिंथेटिक, नायलॉन या पॉलिएस्टर के कपड़े पसीने को सोखते नहीं हैं। इसकी जगह कॉटन या लिनन के ढीले कपड़े पहनें, जिससे पसीना आसानी से सूखे।
साथ ही, एक बार पहना हुआ कपड़ा बिना धोए दोबारा न पहनें, खासकर टी-शर्ट, अंडरगार्मेंट, शर्ट या कुर्ता जैसे कपड़े। कपड़ों में बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं, जिनके कारण बदबू आती है। इसके अलावा, कपड़ों को धोने के बाद धूप में सुखाएं, ताकि उनमें जमा बैक्टीरिया खत्म हो जाएं।
अंडरआर्म्स की शेविंग और सफाई
अंडरआर्म्स के बाल नमी को रोककर रखते हैं। इसलिए अंडरआर्म्स की शेविंग या ट्रिमिंग करें, ताकि पसीना आसानी से सूखे और बैक्टीरिया जमा न हो। साथ ही, नहाने के बाद शरीर को अच्छी तरह सुखाएं। गीले हिस्सों पर बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं
एंटीपर्सपिरेंट और नेचुरल रेमेडीज
परफ्यूम की जगह एंटीपर्सपिरेंट का इस्तेमाल करें, जो पसीना कम करने में मदद करता है। ध्यान रखें कि एंटीपर्सपिरेंट को हमेशा सूखी त्वचा पर लगाएं। इसके अलावा, गीली फिटकरी को अंडरआर्म्स पर रगड़ने से भी पसीने की बदबू से छुटकारा मिलता है। पानी में एप्पल साइडर विनेगर मिलाकर नहाने से भी शरीर को pH बैलेंस रहता है और बदबू से छुटकारा मिलता है।
