परफ्यूम की बोतल पर लिखे EDC, EDT या EDP का मतलब जानते हैं आप? इन अक्षरों में ही छिपा है खुशबू का राज
परफ्यूम खरीदने से पहले उसकी बोतल पर लिखे EDC, EDT और EDP का मतलब जरूर जान लें, ताकि आप अपने लिए सही परफ्यूम चुन सकें।

परफ्यूम की बोतल पर क्यों लिखा होता है EDC, EDT और EDP? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। परफ्यूम खरीदते समय क्या आपने उसकी बोतल पर छोटे अक्षरों में लिखें EDC, EDT या EDP पर ध्यान दिया है? कई बार लोग इन पर ध्यान नहीं देते या इन्हें देखकर कन्फ्यूज हो जाते हैं, लेकिन परफ्यूम खरीदते समय इनका ध्यान रखना काफी जरूरी है।
दरअसल, ये छोटे अक्षर ही बताते हैं कि आपकी परफ्यूम की बोतल में परफ्यूम ऑयल की कॉन्सनट्रेशन कितनी है। आइए समझें इनके मतलब, ताकि अगली बार परफ्यूम खरीदते समय आप कन्फ्यूज न हो और अपने लिए सही परफ्यूम चुन सकें।
Eau de Cologne (EDC)
ई-डी-कोलोन (EDC) परफ्यूम की श्रेणी में सबसे हल्का विकल्प है। इसमें परफ्यूम ऑयल की मात्रा केवल 2% से 4% होती है, जबकि बाकी हिस्सा अल्कोहल और पानी का होता है। परफ्यूम ऑयल कम होने की वजह से इसकी खुशबू जल्दी उड़ जाती है और मुश्किल से एक से दो घंटे तक ही टिकती है। इन परफ्यूम्स में सिट्रस या हर्ब्स जैसे टॉप नोट्स का इस्तेमाल होता है। इसलिए ये परफ्यूम तुरंत फ्रेश महसूस करने के लिए अच्छे ऑप्शन हैं, लेकिन पूरे दिन के लिए नहीं।
Eau de Toilette (EDT)
बाजार में मिलने वाले ज्यादातर परफ्यूम इसी श्रेणी के होते हैं। इसमें परफ्यूम ऑयल की मात्रा 5% से 15% के बीच होती है। परफ्यूम ऑयल ठीक-ठीक मात्रा में होने के कारण इसकी खूशबू 3 से 5 घंटे तक बनी रहती है। यह सबसे ज्यादा इसलिए भी पसंद किया जाता है, क्योंकि यह न तो बहुत हल्का होता है और न ही बहुत भारी। ऑफिस या डे आउट के लिए यह परफ्यूम बेस्ट है।
-1775465510611.jpg)
(Picture Courtesy: Freepik)
Eau de Parfum (EDP)
ई-डी-परफ्यूम (EDP) में परफ्यूम ऑयल का कॉन्सनट्रेशन काफी ज्यादा होता है, लगभग 15% से 20% के आस-पास। इसलिए इस परफ्यूम की खुशबू 5 से 8 घंटे या उससे भी ज्यादा समय तक टिकी रह सकती है। इनमें बेस नोट्स, जैसे लकड़ी या कस्तूरी की खुशबू ज्यादा होती हैं। यह शाम की पार्टियों या सर्दी के मौसम के लिए बेस्ट है।
गर्मियों के लिए कौन-सा परफ्यूम है बेस्ट?
अगर आप सोच रहे हैं कि गर्मियों में पसीने की बदबू से बचने के लिए लंबे समय तक चलने वाला EDP सबसे बेस्ट है, तो आप गलती कर रहे हैं। तापमान बढ़ने पर परफ्यूम ऑयल जल्दी उड़ जाता है और इसके कारण परफ्यूम की अचानक से तेज गंध आती है। इसलिए धूप और तेज गर्मी के लिए EDT सबसे अच्छा ऑप्शन है। इसकी खुशबू भी रिफ्रेशिंग होती है, जो गर्मियों के लिए परफेक्ट है।
