500 का था दावा, 50 कार्यकर्ता ही गए दिल्ली; कांग्रेस की रैली में भीड़ जुटाना सिंहभूम के नेताओं के लिए चुनौती
पश्चिमी सिंहभूम से दिल्ली में होने वाले कांग्रेस प्रदर्शन के लिए 500 कार्यकर्ताओं को भेजने का दावा किया गया था, लेकिन अब तक केवल 50 कार्यकर्ता ही रवाना हुए हैं।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दिल्ली प्रदर्शन के लिए 500 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भेजने का दावा।
पश्चिमी सिंहभूम से अब तक केवल 50 कार्यकर्ता ही दिल्ली रवाना।
विधायक सोनाराम सिंकू और सांसद जोबा मांझी भी दिल्ली पहुंचे।
जागरण संवाददाता, चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम)। दिल्ली में एक नवंबर को होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन में पश्चिमी सिंहभूम जिले से 500 कार्यकर्ताओं को भेजने का दावा अब तक पूरा होता नहीं दिख रहा है।
शनिवार तक जिले से करीब 50 कार्यकर्ता ही दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। ऐसे में 100 कार्यकर्ताओं का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि, कार्यकर्ताओं के दिल्ली जाने का सिलसिला जारी है।
जानकारी के अनुसार, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू गुरुवार को ही अपने कुछ समर्थकों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। सांसद जोबा मांझी भी शुक्रवार को तीन-चार समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचने के लिए निकली हैं।
वहीं, एनएसयूआई के अनीश गोप और सुरेश सवैयां ट्रेन से दिल्ली गए हैं। गुलजार अंसारी और सूरज मुखी तीन अन्य लोगों के साथ कार से रवाना हुए हैं। इसके अलावा सोनाराम सिंकू के साथ भी कुछ समर्थक दिल्ली गए हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू ने प्रदर्शन में जिले से 500 कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया था। वहीं, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने पहले बताया था कि युवा कांग्रेस के आठ-दस कार्यकर्ता ट्रेन और हवाई जहाज से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
इतनी ही संख्या में कार्यकर्ताओं के शनिवार को भी जाने की बात कही गई थी। पार्टी के अंदर प्रखंडवार कार्यकर्ताओं की संख्या को लेकर अब भी स्पष्ट आंकड़ा नहीं है। किस प्रखंड से कितने कार्यकर्ता रवाना हुए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल करीब 50 लोगों के दिल्ली जाने की सूचना है। ऐसे में एक नवंबर के प्रदर्शन में पश्चिमी सिंहभूम से कांग्रेस की वास्तविक भागीदारी पर संशय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- The Great Khali बनेंगे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर! मंत्री इरफान अंसारी ने जामताड़ा आने का दिया न्योता