The Great Khali बनेंगे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर! मंत्री इरफान अंसारी ने जामताड़ा आने का दिया न्योता
Jamtara News: झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने डब्ल्यूडब्ल्यूई सुपरस्टार द ग्रेट खली से मुलाकात कर उन्हें जामताड़ा आने का निमंत्रण दिया, जिसे खली ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
HighLights
मंत्री इरफान अंसारी ने द ग्रेट खली से मुलाकात की।
खली को जामताड़ा आने का निमंत्रण दिया गया।
डब्ल्यूडब्ल्यूई सुपरस्टार ने निमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। Great Khali:झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डा. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को भारतीय रेसलिंग के दिग्गज खिलाड़ी और डब्ल्यू- डब्ल्यू- ई के विश्वविख्यात सुपरस्टार द ग्रेट खली (दलीप सिंह राणा) से मुलाकात की। यह मुलाकात नई दिल्ली में हुई।
इस दौरान मंत्री ने उन्हें जामताड़ा आने का निमंत्रण दिया, जिसे खली ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। मंत्री ने कहा कि वह खली को झारखंड के स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर (Brand Ambassador) बनाएंगे।
मुलाकात के बाद मंत्री डा. इरफान अंसारी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक समय था, जब वह अमेरिका के मशहूर डब्ल्यू- डब्ल्यू- ई रेसलिंग शो में द ग्रेट खली को टीवी पर देखा करते थे।
उनके मुकाबले और दमदार अंदाज को देखकर रोमांचित होते थे। आज उसी खिलाड़ी से आमने-सामने मुलाकात करना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का क्षण रहा।
मंत्री ने कहा कि द ग्रेट खली को जामताड़ा आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने इसे स्वीकार भी कर लिया है। उम्मीद है कि जल्द ही जामताड़ा की धरती पर इस विश्वविख्यात रेसलर का स्वागत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस मुलाकात को अपने लिए बेहद खास और यादगार बताया।