Jharkhand News: सारंडा में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, IED विस्फोट में 1 जवान शहीद
चाईबासा के सारंडा जंगल में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। आईईडी ब्लास्ट होने से कोबरा 203 बटालियन के हेड कांस्टेबल विष्णु सैनी और झारखंड जगुआर के जवान कांस्टेबल सुनील धान घायल हो गए। दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है। घायल जवान सुनील धान अस्पताल में इलाज के दौरान शहीद हो गए।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला के सारंडा जंगल के छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों के आइईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर के जवान कांस्टेबल सुनील धान बलिदान हो गए।
जबकि कोबरा 203 बटालियन के जवान हेड कांस्टेबल विष्णु सैनी गंभीर रूप से जख्मी हैं। उक्त जख्मी जवान की स्थिति स्थिर है।
मृतक जवान सुनील धान। (फाइल फोटो)
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अष्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा, कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील होने की सूचना थी।
इस सूचना के बाद चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।
इनके संबंध में गुप्त सूचना प्राप्त होने पर एक विशेष संयुक्त अभियान शनिवार को छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में प्रारंभ किया गया है।
सर्च अभियान के दौरान छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को देखते ही नक्सलियों की ओर से फायरिंग और आईईडी विस्फोट किया गया। सुरक्षा बलों के द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई।
सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाते हुए भाग खड़े हुए। नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गए आईईडी को विस्फोट कर दिया, जिसकी चपेट में आने से कोबरा 203 बटालियन के जवान हेड कांस्टेबल विष्णु सैनी एवं झारखंड जगुआर के जवान कांस्टेबल सुनील धान गंभीर रूप से जख्मी हो गये।
पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय झारखंड रांची एवं सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर झारखंड रांची के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से तत्काल प्राथमिकी उपचार के पश्चात उक्त जख्मी कर्मियों को उच्चतर इलाज के लिए रांची भेजा गया।
इलाज के क्रम में झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान शहीद हो गए। जबकि गंभीर रुप से जख्मी विष्णु सैनी की स्थिति स्थिर है। संचालित नक्सल विरोधी अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें-
Dumka News: बच्चा चोर समझ बीटेक के छात्र को पेड़ में बांधकर लोगों ने पीटा, पुलिस ने कराया मुक्त
Jharkhand News: सारंडा में नक्सली हमला, IED विस्फोट में CRPF के SI हुए शहीद, एक जवान घायल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।