टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस पर रेलवे का यू-टर्न: कोहरे में भी नहीं थमेंगे पहिए, यात्रियों को राहत
रेलवे बोर्ड ने टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस की आगामी दो शीतकालीन सत्रों (2026-27 और 2027-28) के लिए सेवा बहाल रखने की मंजूरी दे दी है।

टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस पर रेलवे का यू-टर्न
HighLights
टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस की शीतकालीन सेवा बहाल।
रेलवे बोर्ड ने दो सत्रों के लिए दी मंजूरी।
यात्रियों को मिलेगी पंजाब और उत्तर भारत यात्रा में सुविधा।
रूपेश कुमार विक्की, चक्रधरपुर। कोहरे के कारण सर्दियों में रद्द की जाने वाली टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 18103/18104 टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस की सेवा को आगामी दो शीतकालीन सत्रों में बहाल रखने की मंजूरी दे दी है।
इसके तहत यह ट्रेन 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तथा 1 दिसंबर 2027 से 28 फरवरी 2028 तक नियमित रूप से चलेगी। रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर नीलम ने 6 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार, पूर्व में कोहरे के मौसम को देखते हुए वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए कुछ ट्रेनों को रद करने की सूचना क्षेत्रीय रेलवे को दी गई थी। इसमें टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस भी शामिल थी।
अब रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन की उक्त अवधि में सेवा बहाल रखने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। रेलवे बोर्ड ने क्षेत्रीय रेलवे को आवश्यक अनुपालन और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में जारी आदेश को आगामी ट्रेन एट ए ग्लांस (टीएजी-2027) में भी शामिल करने को कहा गया है। इस फैसले से टाटानगर, चक्रधरपुर सहित दक्षिण पूर्व रेलवे के यात्रियों को सर्दियों के दौरान पंजाब और उत्तर भारत की यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
मालूम रहे कि दक्षिण पूर्व रेलवे ने घने कोहरे का पूर्वानुमान को लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल के टाटानगर से गुजरने वाली ट्रेन नंबर 18103 टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन 02 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 के बीच कुल 25 ट्रिप रद और ट्रेन नंबर 18104 अमृतसर-टाटानगर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन 04 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 के बीच कुल 25 ट्रिप रद करने की अधिसूचना पत्र 29 सितंबर को दक्षिण पूर्व रेलवे के उप मुख्य परिचालन प्रबंधक श्रीनिवास सामंत ने जारी किया था।
रेलवे के इस फैसले के खिलाफ जमशेदपुर में सिख समाज और सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कड़ा विरोध जताया और डीआरएम को ज्ञापन सौंपा था।
इसके बाद चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कार्यालय पहुंच कर सिख समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगें सुनीं और भरोसा दिलाया कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस बंद नहीं होगी। डीआरएम के पहल पर रेलवे बोर्ड ने सकारात्मक निर्णय लिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।