विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में RPF इंस्पेक्टर पर 13 वर्षीय बच्ची से छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, रेलवे ने किया निलंबित

Published: Sat, 26 Sep 2026 01:40 PM (IST)

नाबालिग से छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में आरपीएफ एएसआई आरपी सिंह के खिलाफ जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना ...और पढ़ें

बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी, आरोपी एएसआई निलंबित।

बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी, आरोपी एएसआई निलंबित।

HighLights

  1. आरपीएफ एएसआई पर नाबालिग से छेड़खानी, दुष्कर्म के प्रयास का आरोप।

  2. जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज।

  3. आरोपी एएसआई निलंबित, रेलवे ने विभागीय कार्रवाई शुरू की।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले के डोंगवापोसी आरपीएफ पोस्ट में तैनात एएसआई आरपी सिंह के खिलाफ 13 वर्षीय नाबालिग से छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी का घर बागबेड़ा में ही बताया गया है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे ने एएसआई को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार आरोपी पिछले करीब दो माह से अवकाश पर है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, नाबालिग आरोपी की पत्नी से योगा सीखने उसके बागबेड़ा स्थित घर जाती थी।

आरोप है कि एक दिन आरोपी की पत्नी के घर पर नहीं रहने के दौरान एएसआई ने नाबालिग को अकेला पाकर उसके साथ छेड़खानी की और दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के बाद नाबालिग ने घर पहुंचकर अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी।

परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी आरोपी की पत्नी को देने के बाद उन्हें धमकाया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी के अधिकारी होने का हवाला देते हुए कार्रवाई नहीं होने की बात कही गई और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

इसके बाद नाबालिग के माता-पिता ने बागबेड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी एएसआई आरपी सिंह और उसकी पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इधर, रेलवे के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। 

यह भी पढ़ें- पड़ोसी ने कुरकुरे का लालच देकर तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया, जमशेदपुर में भर्ती

यह भी पढ़ें- Jamshedpur Road Accidents: मरीन ड्राइव हादसे के बाद भी नहीं जागे जिम्मेदार; ये 7 ब्लैक स्पॉट, सड़कों पर खड़े यमदूत

यह भी पढ़ें- खनिज संपदा हमारी, इस पर झारखंड की दावेदारी; झामुमो और कांग्रेस का हल्लाबोल