विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'2 दिन में लेवी दो, वरना...', पश्चिमी सिंहभूम में PLFI की दहशत, दिनदहाड़े ग्रेडर पर छिड़का पेट्रोल

Published: Mon, 16 Nov 2026 10:48 AM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर थाना क्षेत्र में पीएलएफआई के नाम पर सड़क निर्माण कर रहे संवेदक से लेवी मांगी गई है।

घाटबाजार घाटी में पीएलएफआई के नाम पर लेवी की मांग, ग्रेडर चालक को बंदूक दिखाकर थमाई पर्ची (AI Generated Image)

घाटबाजार घाटी में पीएलएफआई के नाम पर लेवी की मांग, ग्रेडर चालक को बंदूक दिखाकर थमाई पर्ची (AI Generated Image)

HighLights

  1. पीएलएफआई के नाम पर संवेदक से लेवी की मांग।

  2. घाटबाजार घाटी में ग्रेडर चालक को बंदूक दिखाकर धमकाया।

  3. अज्ञात युवकों ने मशीन पर पेट्रोल छिड़ककर जलाने का प्रयास किया।

संवाद सूत्र, मनोहरपुर (पश्चिमी सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर सड़क निर्माण कार्य में लगे संवेदक से लेवी मांगने का मामला सामने आया है।

मनोहरपुर-रांची मुख्य मार्ग पर स्थित घाटबाजार घाटी में रविवार दोपहर लाल और काले रंग की पल्सर बाइक से पहुंचे दो अज्ञात युवकों ने हथियार का भय दिखाकर ग्रेडर चालक को लेवी मांगने की पर्ची थमा दी।

युवकों ने दो दिनों के भीतर लेवी की रकम देने का फरमान सुनाया। ऐसा नहीं करने पर सड़क निर्माण कार्य बंद रखने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि युवकों ने ग्रेडर मशीन पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले करने का भी प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, कोलेबिरा से रायकेरा (मनोहरपुर) तक एनएच-320जी सड़क का निर्माण कार्य संवेदक कंपनी बीकेएस इंफ्रास्ट्रक्चर, रांची द्वारा कराया जा रहा है। इसी क्रम में घाटबाजार घाटी के पास ग्रेडर मशीन से सड़क निर्माण का काम चल रहा था।

रविवार दोपहर बाइक सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और ग्रेडर चालक अशोक चौधरी को बंदूक दिखाकर भयभीत किया। इसके बाद पीएलएफआई के लेटरहेड पर लिखी लेवी मांगने की पर्ची उसे सौंप दी।

बताया जाता है कि पर्ची थमाने के बाद दोनों युवकों ने अपने साथ लाए पेट्रोल को ग्रेडर मशीन पर छिड़क दिया और उसमें आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, उनके इस प्रयास में मशीन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वह सुरक्षित बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।

बताया गया है कि पीएलएफआई के नाम से दी गई पर्ची में दो दिनों के भीतर लेवी की रकम पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। रकम नहीं देने पर सड़क निर्माण कार्य बंद रखने की चेतावनी दी गई है।

पर्ची के नीचे अनल दा का नाम अंकित बताया जा रहा है। घटना के बाद सड़क निर्माण कार्य में लगे कर्मियों और संवेदक कंपनी के बीच दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में ₹500 के लिए महिला की बेरहमी से हत्या, लाठी-डंडों से पीटकर ली जान; पूरा परिवार गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- लोहरदगा में डबल मर्डर: बेडरूम में 'फेसबुकिया प्रेमी' संग थी पत्नी, रंगेहाथ पकड़ते ही पति ने काट डाला सिर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।