Jharkhand: सुरक्षाबलों के निशाने पर अब तीन कुख्यात नक्सली, सभी पर है 1 करोड़ का इनाम
झारखंड में नक्सल उन्मूलन अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सितंबर महीने में हुई मुठभेड़ों में चार माओवादी मारे गए हैं जिनमें एक करोड़ का इनामी सहदेव सोरेन भी शामिल है। पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और जिले को नक्सलमुक्त बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

सुधीर पांडेय, चाईबासा। झारखंड में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। सितंबर माह में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ों में अब तक चार माओवादी मारे जा चुके हैं।
हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र के पातितीरी के पास सोमवार की सुबह सीआरपीएफ, कोबरा और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में केंद्रीय समिति सदस्य और 1 करोड़ रुपये के इनामी सहदेव सोरेन उर्फ अनुज, 25 लाख के इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य चंचल उर्फ रघुनाथ हेंब्रम तथा माओवादी बिरसेन गंझू को ढेर कर दिया गया।
इससे पहले 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम के जराईकेला में 10 लाख का इनामी माओवादी अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया था। सहदेव के खात्मे के बाद अब पुलिस और सुरक्षाबलों के निशाने पर तीन कुख्यात शीर्ष नक्सली हैं।
इनमें गिरिडीह का मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर उर्फ सुनिमल, पश्चिम बंगाल का असीम मंडल उर्फ आकाश और गिरिडीह का अनल दा उर्फ तूफान शामिल है। इन तीनों पर सरकार ने 1-1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
बताया जा रहा है कि ये सभी वर्तमान में पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा और कोल्हान के घने जंगलों में सक्रिय हैं। इन्हें दबोचने के लिए सीआरपीएफ की आधा दर्जन बटालियन, कोबरा की दो यूनिट और झारखंड जगुआर की टीमें अभियान चला रही हैं।
बीती 7 सितंबर को सीआरपीएफ डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने पश्चिमी सिंहभूम जिले का दौरा कर अभियान में शामिल पदाधिकारियों को हर हाल में इस वर्ष के अंत तक जिले को नक्सलमुक्त बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय ने 22 अगस्त 2025 तक की अद्यतन सूची में कुल 58 फरार नक्सलियों पर इनाम घोषित किया है। इनमें चार शीर्ष माओवादी नेताओं पर एक-एक करोड़ का इनाम रखा गया था, जिनमें सहदेव सोरेन अब मारा जा चुका है।
पुलिस ने कहा है कि वांछित नक्सलियों की सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उन्हें घोषित इनाम राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
वर्ष 2025 में झारखंड में मुठभेड़ों में मारे गए नक्सली
क्रमांक | नाम | उपनाम | इनाम राशि | संगठन/पद |
---|---|---|---|---|
1 | प्रयाग मांझी | विवेक | 1 करोड़ | केंद्रीय समिति सदस्य |
2 | अरविंद यादव | अविनाश | 25 लाख | स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य |
3 | साहेबराम मांझी | राहुल मांझी | 10 लाख | जोनल कमेटी सदस्य |
4 | पप्पू लोहरा | - | 10 लाख | झारखंड जनमुक्ति परिषद |
5 | प्रभात गंजू | - | 10 लाख | झारखंड जनमुक्ति परिषद |
6 | सहदेव सोरेन | परवेश | 1 करोड़ | शीर्ष माओवादी कमांडर |
7 | मुखदेव यादव | तूफान | 5 लाख | माओवादी कमांडर |
8 | अमित हांसदा | अपटन | 10 लाख | जोनल कमेटी सदस्य |
9 | सहदेव सोरेन | अनुज | 1 करोड़ | केंद्रीय समिति सदस्य |
10 | चंचल | रघुनाथ हेंब्रम | 25 लाख | स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य |
11 | बिरसेन गंझू | - | - | माओवादी सदस्य |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।