शिक्षा विभाग में फेरबदल: प्रिंस कुमार बने चाईबासा के नए DEO, निशु कुमारी को पूर्वी सिंहभूम के साथ RDDE का प्रभार
झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा विभाग ने राज्यभर में अधिकारियों का व्यापक तबादला किया है, जिसका असर कोल्हान प्रमंडल पर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
स्कूली शिक्षा विभाग ने राज्यभर में अधिकारियों का तबादला किया।
कोल्हान प्रमंडल के जिलों में नए DEO, DSE नियुक्त।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्यभर में अधिकारियों का व्यापक तबादला एवं पदस्थापन किया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल का व्यापक असर कोल्हान प्रमंडल पर पड़ा है।
प्रमंडल के तीनों जिलों पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा), पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और सरायकेला-खरसावां में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) एवं जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
चाईबासा और जमशेदपुर को मिले नए डीईओ
पश्चिम सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो का तबादला कर उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम) का प्राचार्य बनाया गया है।
उनकी जगह लातेहार के डीईओ प्रिंस कुमार को पश्चिम सिंहभूम का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार को स्थानांतरित कर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची में प्रशासी पदाधिकारी बनाया गया है।
उनके स्थान पर रांची स्थित महिला डायट की प्राचार्य निशु कुमारी को पूर्वी सिंहभूम का नया डीईओ बनाया गया है। इसके साथ ही निशु कुमारी को क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (RDDE), कोल्हान प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
डीएसई स्तर पर भी हुए महत्वपूर्ण बदलाव
पूर्वी सिंहभूम के नए जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) के रूप में जूही रानी को पदस्थापित किया गया है, जो अब तक रांची में क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थीं।
उधर, सरायकेला-खरसावां जिले में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्र को उनके पद पर ही बरकरार रखा गया है। उन्हें पहले की तरह महिला डायट, गम्हरिया का अतिरिक्त प्रभार भी मिला रहेगा।
हालांकि, सरायकेला-खरसावां में डीएसई बदल गए हैं। खूंटी के अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार को यहां का नया जिला शिक्षा अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा, पश्चिम सिंहभूम के मनोहरपुर की क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी शालिनी डुंगडुंग का तबादला कर उन्हें धनबाद का नया जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) नियुक्त किया गया है।
