Gang Rape: पति को पकड़कर बारी-बारी से किया पत्नी का रेप, ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए चार नाबालिग आरोपी
पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में गुरुवार शाम चार नाबालिग लड़कों ने एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता अपने नाबालिग पति के साथ थी जब आरोपितों ने पति की पिटाई कर मोबाइल छीना और दुष्कर्म किया। ग्रामीणों ने चारों को पकड़ा और मंझारी पुलिस ने गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया।

संवाद सूत्र, तांतनगर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में एक पुलिया पर गुरुवार शाम चार नाबालिग लड़कों ने एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोप है कि घटना के समय पीड़िता अपने नाबालिग पति के साथ साइकल से गांव जा रही थी। तभी घात लगाए बैठे चारों आरोपितों ने पहले पति की पिटाई कर दी और उसके मोबाइल फोन को छीन लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर पत्नी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
आरोप है कि इस दौरान तीन आरोपित पति को पकड़कर रखे हुए थे, जबकि चौथा दुष्कर्म कर रहा था। बाद में फोन लौटाने के बदले आरोपितों ने दस हजार रुपये की मांग भी की।
पीड़िता ने आरोपितों को अपनी पहचान और गोत्र बताते हुए छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों ने उसकी बातों को अनसुना कर अपराध को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़ित दंपति किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीण बैठक में मामला उठाया गया और आरोपितों की तलाश शुरू हुई।
इस दौरान चारों आरोपितों को ग्रामीणों की मदद से पकड़ा गया। सूचना पाकर मंझारी थाना प्रभारी दिलीप साय मांझी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी दिलीप साय मांझी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चूंकि सभी आरोपित नाबालिग हैं, उन्हें शनिवार को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।