Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand News: झारखंड में चर्च में भीषण डाका, धर्मगुरुओं को बुरी तरह से पीटा; लगवाए धार्मिक नारे

    सिमडेगा के समसेरा चर्च में हथियारबंद डकैतों ने रात को धावा बोला जिसमें आठ लाख से अधिक की लूट हुई और पल्ली पुरोहित घायल हो गए। डकैतों ने धर्मगुरुओं को धार्मिक नारे लगाने पर मजबूर किया जिसके बाद ईसाई समुदाय में दहशत फैल गई और लोग सड़कों पर उतर आए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    By Vachaspati Mishra Edited By: Rajat Mourya Updated: Mon, 09 Jun 2025 09:59 PM (IST)
    Hero Image
    चर्च में भीषण डकैती, धर्मगुरुओं पर किया हमला

    संवाद सूत्र, बोलबा (सिमडेगा)। झारखंड के सिमडेगा जिले के समसेरा स्थित चर्च में रविवार की रात लगभग 1:30 बजे पांच नकाबपोश और हथियारबंद डकैतों ने आतंक मचाया। चर्च में रखे आठ लाख रुपये से अधिक की लूट की और पल्ली पुरोहितों के साथ मारपीट की। मारपीट से तीन धर्मगुरु घायल हो गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डकैतों ने धर्मगुरुओं के सिर पर कट्टा तानकर विशेष धर्म के नारे भी लगवाए। इस घटना के बाद ईसाई समाज के लोग दहशत में हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह ईसाई समाज के लोग सड़क पर उतर गए। सड़क जाम कर विरोध प्रकट किया। चर्च में प्रवेश करने के बाद डकैतों ने लगभग एक घंटे तक आतंक मचाया।

    चर्च में रखे पैसे के बारे में जानकारी ली और डकैती की। पल्ली पुरोहित फादर इंग्नासियुस टोप्पो, समसेरा विद्यालय के प्रधानाध्यापक अगुस्टिन डुंगडुंग, और सहायक पल्ली पुरोहित रोशन पर जानलेवा हमला किया। तीनों को गंभीर हालत में बोलबा सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

    सहायक पल्ली पुरोहित रोशन ने बताया कि डकैत डुप्लीकेट चाबी लेकर आए थे और सबसे पहले फादर टोप्पो के कमरे में घुसे। उन्होंने फादर से अन्य लोगों के सोने के स्थान के बारे में पूछा और फिर उन्हें लाठी से पीटते हुए अन्य कमरों में ले गए। सभी को बारी-बारी से पीटते हुए कट्टा का भय दिखाकर धार्मिक नारे लगाने को कहा गया।

    डकैतों में से एक ने कट्टा और दूसरे ने बड़ी भुजाली पकड़ी हुई थी। डकैतों ने स्कूल, पल्ली और चर्च से मिलाकर लगभग आठ लाख रुपये की लूट की। सभी डकैत ओड़िया भाषा में बात कर रहे थे। फादर इंग्नासियुस टोप्पो ने कहा कि यह डकैती की तीसरी घटना है, इससे पहले भी दो बार डकैती हो चुकी है।

    बोलबा थाना की पुलिस ने पूरे प्रखंड क्षेत्र की सीमाएं सील कर दी हैं और छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

    मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधी जल्द गिरफ्त में होंगे। - रणवीर सिंह, डीएसपी, सिमडेगा।