Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नागपुरी एवं क्षेत्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन

    By Edited By:
    Updated: Mon, 25 Nov 2013 11:11 PM (IST)

    सिमडेगा : मुख्यालय स्थित नगर भवन में रविवार को नायक फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले नागपुरी एवं क्षेत्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य की विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्में प्रदर्शित की गईं। महोत्सव में नागपुरी, संथाली व खोरठा भाषा की फिल्में ज्यूरी के समक्ष प्रदर्शित की गईं। कार्यक्रम के दौरान कई क्षेत्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि व फिल्म कलाकार सह निर्देशक जयराम महतो व नगर पंचायत की उपाध्यक्ष संतोष देवी द्वारा दीप प्रज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की गई। इस मौके पर जयराम महतो ने कहा कि झारखंड के सुदूरवर्ती पिछड़े जिले में इस तरह का राज्यस्तरीय कार्यक्रम किया जाना सराहनीय है। सिमडेगा में एक-से-एक कलाकार भरे पड़े हैं। उन्होंने अपने पिछले अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर गर्व होता है कि सिमडेगा जैरी जगह में रामनायक, अमित नाग व काशिनाथ जैसी प्रतिभाएं हैं। ऐसे में जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को सही मंच प्रदान कर उन्हें समूचित सम्मान देने की। नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष देवी ने कहा कि सिमडेगा में इस तरह का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। इससे न केवल जिले नाम रोशन होगा, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं में ऊर्जा का संचार भी होगा। गांव व गलियों के बच्चे आने वाले समय में अपनी प्रतिभा का लोहा राज्य स्तर से लेकर वॉलीवुड तक मनवाएंगे। कार्यक्रम के दौरान राजधानी से आए कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी गई। आकाश एंड ग्रुप ने नागपुरी व हिन्दी फिल्मी धुनों पर थिरककर लोगों का खूब मनोरंजन किया। वहीं आधुनिक व ठेठ नागपुरी के स्थापित गायक कवि किशन ने अपने कर्णप्रिय संगीत से समां बांध दिया। इसके अलावा रूपेश बड़ाइक, दिलीप व सखी यादव ने भी अपने गीतों से लोगों को झूमने पर मजबूर किया। कार्यक्रम के दौरान राजधानी रांची से आई युवतियों द्वारा मंच पर कैटवाक किया गया। ज्यूरी में दीपा बड़ाइक, पिन्टू सिन्हा, मनोज नागेशिया, शीतल प्रसाद व सोहन बड़ाईक आदि शामिल थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रामनायक को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार

    सिमडेगा: मुख्यालय स्थित नगर भवन में आयोजित नागपुरी व क्षेत्रिय सिने अवार्ड में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता- रामनायक, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री- शोभा सिंह को फिल्म, ईके कहेना प्यार और मोहब्बत के लिए, सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता-काशीनाथ व सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री- पिंकी को कही प्यार तो न लागे के लिए दिया गया। सर्वश्रेष्ठ खलनायक- अमित नाग व शान खान को संयुक्त रूप से दिया गया। वहीं चरित्र अभिनेता का पुरस्कार दुर्ग विजय सिंह देव को दिया गया। इसके अलावा बेस्ट सिंगर का पुरस्कार नागपुरी गायक कवि किशन को दिया गया, तो बेस्ट मेकअप मैन का पुरस्कार राज ठाकुर, बेस्ट कोरियोग्राफर का पुरस्कार आकाश, बेस्ट कैमरामैन-सुरेन्द्र कुजूर तथा बेस्ट एडीटर का पुरस्कार समीर बेक को दिया गया। पुरस्कार कंचन जी, अनूप मिंज, मोतीलाल ओहदार, गोरखनाथ सिंह, रंजीत राठौर, अभय विश्वकर्मा, मोतीलाल अग्रवाल, लालधन नायक, गंगाधर लोहरा के हाथों दिया गया। वहीं मॉडल- शिल्पी, विनीता, सोनाली, माही व पार्वती को मनोज कोनबेगी के हाथों सम्मानित किया गया।

    सहयोग के लिए जताया अभार : रामनायक

    सिमडेगा : नायक प्रोडक्शन के निर्माता निर्देशक सह अभिनेता रामनायक ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार ग्रहण करते हुए कहा कि यह उनके लिए खुशी का क्षण है। सिमडेगा जैसी जगह में उनके द्वारा यह एक प्रयास किया गया है। उन्हें और सहयोग मिलता तो वे इस कार्यक्रम को ज्यादा बेहतर कर सकते थे। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी लोगों को धन्यवाद दिया।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर