सरायकेला पुलिस का मानवीय चेहरा: चोरी हुए इंजन को पटना से किया बरामद, लौटते वक्त जेब से दिए ₹10000
सरायकेला पुलिस ने ओडिशा के ट्रेलर मालिक के चोरी हुए इंजन को पटना से बरामद किया। पुलिस ने मानवीयता दिखाते ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
सरायकेला पुलिस ने पटना से चोरी हुआ ट्रेलर इंजन बरामद किया।
ट्रेलर मालिक को घर लौटने के लिए पुलिस ने आर्थिक सहायता दी।
चालक नशे की हालत में इंजन लेकर अपने घर चला गया था।
जागरण संवाददाता, सरायकेला। ओडिशा के जोड़ा निवासी ट्रेलर मालिक मनोज कुमार महतो का ट्रेलर का इंजन लेकर चालक फरार हो गया था। सरायकेला पुलिस की मदद से पटना से ट्रेलर के इंजन को पुलिस ने बरामद कर सौंप दिया है।
एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ट्रेलर मालिक को साथ लेकर पटना पहुंची और चालक के घर से ट्रेलर बरामद कराया।
इतना ही नहीं, लौटते समय मालिक के पास गाड़ी में तेल भराने तक के पैसे नहीं थे। यह देखकर थाना प्रभारी विनय कुमार ने अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद की।
नशे की हालत में घर ले गया इंजन
घटनाक्रम के अनुसार, 30 सितंबर को ओडिशा के जोड़ा से आयरन ओर लोड कर एक ट्रेलर अमलगम स्टील के लिए रवाना हुआ था।
चालक ने सीनी मोड़ स्थित फौजी ढाबा के पास ट्रेलर खड़ा किया और इंजन लेकर बिहार स्थित अपने गांव चला गया।
जब यह जानकारी ट्रेलर मालिक मनोज कुमार महतो को मिली, तो वह तुरंत करीब 150 किलोमीटर बाइक चलाकर सरायकेला थाना पहुंचे और थाना प्रभारी विनय कुमार को पूरी घटना से अवगत कराया।
थाना प्रभारी ने तत्काल मामले की जानकारी एसपी मनोज स्वर्गियारी को दी। एसपी के निर्देश पर सरायकेला पुलिस की एक टीम मालिक को साथ लेकर पटना के लिए रवाना हुई।
पुलिस को चालक के धनरुआ थाना क्षेत्र स्थित गांव में होने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसके घर पर छापेमारी की गई और चालक को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह नशे की हालत में था। इसी दौरान उसने ट्रेलर का डाला सीनी मोड़ पर छोड़ दिया और इंजन लेकर अपने घर चला आया।
पुलिस ने ट्रेलर बरामद कर उसे मालिक मनोज कुमार महतो को सौंप दिया। इस दौरान मालिक के पास लौटने के लिए पर्याप्त राशि नहीं थी जिसे देखकर थाना प्रभारी ने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
यह भी पढ़ें- गढ़वा में शिव मंदिर के पास मकान की नींव से मिली रहस्यमयी तिजोरी का राज खुला, मिले 100 साल पुराने सिक्के
यह भी पढ़ें- चेंजिंग रूम में छात्राओं की करता था रिकॉर्डिग, रांची में रायफल ट्रेनिंग सेंटर का ट्रेनर गिरफ्तार
