विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चेंजिंग रूम में छात्राओं की करता था रिकॉर्डिग, रांची में रायफल ट्रेनिंग सेंटर का ट्रेनर गिरफ्तार

Published: Tue, 06 Oct 2026 09:21 AM (GMT+05:30)

रांची के एक रायफल ट्रेनिंग सेंटर में छात्राओं के चेंजिंग रूम में मोबाइल रखकर वीडियो रिकॉर्डिंग करने के आरोप में ...और पढ़ें

रकॉर्डिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार। फाइल फोटो

रकॉर्डिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, रांची। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित चतरा रायफल ट्रेनिंग सेंटर के चेंजिंग रूम में मोबाइल रखकर छात्राओं की वीडियो रिकॉर्डिंग करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि चेंजिंग रूम में मोबाइल सचिन कुमार ने ही रखा था।

इस मामले में एक युवती के बयान पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रविवार को घटना के बाद छात्राओं और उनके अभिभावकों के हंगामा करने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में सचिन कुमार को मोबाइल रखते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि सचिन कुमार चतरा का रहने वाला है। आरोपित ने बताया कि उसने छात्राओं का वीडियो बनाने के उद्देश्य से मोबाइल चेंजिंग रूम में रखा था।

उसका कहना था कि सेंटर बंद होने के बाद वह मोबाइल वहां से निकाल लेता। हालांकि, इससे पहले ही छात्राओं को मोबाइल रखे होने की जानकारी मिल गई और मामला सामने आ गया।

आरोपित के मोबाइल से कई छात्राओं के वीडियो मिले

पुलिस ने आरोपित सचिन से पूछताछ के बाद उसके मोबाइल की जांच की तो उसमें कई छात्राओं के वीडियो मिले। पुलिस को आशंका है कि आरोपित पिछले कई माह से इसी तरह मोबाइल रखकर छात्राओं की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था।

पूछताछ में भी उसने मोबाइल चेंजिंग रूम में रखने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मोबाइल में मिले वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित ने अब तक कितनी छात्राओं की रिकॉर्डिंग की और इन वीडियो को किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किया गया है या नहीं।

मोबाइल होने की सूचना पर सेंटर में जमकर हुआ था हंगामा

हरमू रोड स्थित सेंटर में रविवार को मोबाइल मिलने के बाद प्रशिक्षण लेने वाली छात्राओं और उनके अभिभावकों ने जमकर विरोध किया था। एक छात्रा ने अपने अभिभावक को फोन कर सेंटर बुलाया था।

वहां पहुंचने पर उसने बताया था कि बाथरूम जाने की तैयारी के दौरान एक अन्य युवती ने मोबाइल रखे होने की जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं ने इसकी सूचना अपने घरवालों को दी और सेंटर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।

मामला सामने आने के बाद अभिभावकों ने सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने और पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की थी।

सेंटर प्रबंधन की ओर से तत्काल फुटेज नहीं दिखाई गई थी। कर्मचारियों ने बताया था कि सेंटर के मालिक चतरा में रहते हैं और उनके रांची पहुंचने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। सोमवार को पुलिस सेंटर पहुंची तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।

यह भी पढ़ें- BARC की रिपोर्ट से सच आया सामने: जादुगोड़ा की मिट्टी, पानी और खदानें पूरी तरह सुरक्षित; कैंसर से रेडिएशन का संबंध नहीं