विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरायकेला में कथित गौमांस बिक्री पर बवाल, बाइक की नंबर प्लेट पर भी उठे सवाल; पुलिस हिरासत में आरोपी

Published: Wed, 21 Oct 2026 02:05 PM (IST)

गम्हरिया में कथित गौमांस बिक्री को लेकर विवाद गहरा गया, जिसके बाद गौ रक्षा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।

मौके से बरामद बाइक। फोटो जागरण

मौके से बरामद बाइक। फोटो जागरण

HighLights

  1. गम्हरिया में कथित गौमांस बिक्री पर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन।

  2. पुलिस ने मुजाहिद अंसारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

  3. संदिग्ध नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल की भी जांच की जा रही है।

संवाद सहयोगी, गम्हरिया। जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप मुरकुम पाखुर गोड़ा गांव में कथित गौमांस बिक्री को लेकर विवाद गहरा गया।

मामले की सूचना मिलते ही गौ रक्षा कार्यकर्ता रोनित गोराई और श्रवण गोराई अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए और कथित मांस बिक्री के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मामले की सूचना प्रखर समाजसेवी एवं जिला स्तर पर गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ता रोनित गोराई ने तत्काल गम्हरिया थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मुजाहिद अंसारी नामक व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने ले गई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चा और हलचल का माहौल बना रहा।

मौके से फरार हुआ आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर बातचीत के दौरान मुजाहिद अंसारी ने कथित तौर पर मांस बिक्री की बात स्वीकार की।

हालांकि, मांस की वास्तविक प्रकृति और बिक्री से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस मामले में उसके भाई अब्दुल सलाम का नाम भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि मौके पर भीड़ जुटने के बाद वह वहां से फरार हो गया। स्थानीय स्तर पर दोनों व्यक्तियों के सरायकेला-खरसावां जिले के बालीगुमा निवासी होने की जानकारी दी गई है। पुलिस की ओर से उनकी भूमिका और अन्य तथ्यों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

बाइक से उठे सवाल

इस घटनाक्रम में एक हीरो होंडा ग्लैमर मोटरसाइकिल भी चर्चा का विषय बन गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, जो बाइक कथित तौर पर संबंधित व्यक्ति के पास से मिली है और उसके चोरी की होने का संदेह जताया जा रहा है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट के दोनों तरफ अलग-अलग नंबर लिखे हुए हैं।

यदि इसकी पुष्टि होती है, तो वाहन के पंजीकरण, स्वामित्व और नंबर प्लेट की वैधता की जांच महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल, बाइक के चोरी का होने या नंबर प्लेट में गड़बड़ी की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

जांचे के बाद कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गौ रक्षा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गम्हरिया थाना पहुंचकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोष सिद्ध होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से गौ तस्करी और कथित अवैध मांस कारोबार की गतिविधियां जारी हैं।

उनका कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायतें की गईं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ी है। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने गम्हरिया थाना पुलिस के प्रति भी असंतोष जताया।

यह भी पढ़ें- गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा: अधिवक्ता दंपती सहित तीन की मौत, इलाके में शोक का माहौल

यह भी पढ़ें- पलामू में नवरात्र में खरीदी नई बुलेट बनी काल, पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में गिरी बाइक; दो युवकों की जान गई