विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू में नवरात्र में खरीदी नई बुलेट बनी काल, पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में गिरी बाइक; दो युवकों की जान गई

Published: Wed, 21 Oct 2026 01:16 PM (IST)

पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि ...और पढ़ें

पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में गिरी बाइक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में गिरी बाइक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पलामू में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दुखद मौत।

  2. तेज रफ्तार बुलेट बाइक पेड़ से टकराकर गड्ढे में गिरी।

  3. नवरात्र में खरीदी नई बाइक बनी हादसे का मुख्य कारण।

संवाद सूत्र, पड़वा (पलामू)। पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा पंचायत के समीप मंगलवार देर शाम सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। मृतकों की पहचान छैछौरी पंचायत के बढ़ई टोला निवासी 27 वर्षीय चंदन कुमार सिंह और 21 वर्षीय धर्मवीर कुमार सिंह के रूप में हुई है। घायल दयानंद शर्मा का इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बुलेट बाइक पर सवार होकर मुरमा मोड़ से अपने गांव बढ़ई टोला झरी लौट रहे थे। इसी दौरान मुरमा पंचायत के समीप मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीनों बाइक समेत गड्ढे में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान धर्मवीर कुमार सिंह की मौत

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चंदन कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि इलाज के दौरान धर्मवीर कुमार सिंह ने भी दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि चंदन ने नवरात्र की सप्तमी को ही नई बुलेट बाइक खरीदी थी। हादसे के बाद मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा है।

तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा

पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण बाइक मोड़ पर नहीं मुड़ सकी और पेड़ से टकरा गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें- पलामू: दुर्गा पूजा पंडाल से घर लौटते समय महिला लापता, अपहरण की आशंका पर सड़क जाम