लक्ष्मण गिलुवा के निधन पर भाजपा नेताओं ने व्यक्त किया शोक
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह सिंहभूम के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा के कोरोना से निधन के बाद पूरे कोल्हान में मायूसी छाई हुई है। जिले के भाजपा नेता समेत समाजिक संगठन व अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भी गिलुवा के निधन पर शोक व्यक्त किया..

जागरण संवाददाता, सरायकेला : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह सिंहभूम के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा के कोरोना से निधन के बाद पूरे कोल्हान में मायूसी छाई हुई है। जिले के भाजपा नेता समेत समाजिक संगठन व अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भी गिलुवा के निधन पर शोक व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि गिलुवा का निधन कोल्हान में राजनीतिक शून्यता है। नगर पंचायत की अध्यक्ष मिनाक्षी पटनायक ने कहा कि लक्ष्मण गिलुवा के निधन की सूचना पाकर बहुत दुख हुआ। वे शांत व मृदुभाषी राजनेता के रूप में जाने जाते थे। कोल्हान की जनता हमेशा उन्हें याद रखेगी। भाजपा नेता सह नगर उपाध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि नैतिकता व सादगी की प्रतिमूर्ति, एकीकृत बिहार झारखंड व कोल्हान भाजपा के वरिष्ठ कद्दावर राजनेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद व अभिभावक तुल्य लक्ष्मण गिलुवा का निधन कोल्हान ही नहीं, पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। झारखंड प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कोषाध्यक्ष गणेश महाली ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद लक्ष्मण गिलुवा के निधन पर कहा कि वे शांत व मृदुभाषी राजनेता के रूप में जाने जाते थे। सिंहभूम की जनता उन्हें हमेशा याद रखेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार को सहनशक्ति प्रदान करें और परिवार को स्वस्थ व सुरक्षित रखें। लक्ष्मण गिलुआ के निधन पर सांसद प्रतिनिधि ने जताया दुख : भाजपा के पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ के कोरोना से मौत पर राजनीतिक जगत में शोक है। लक्ष्मण गिलुआ के असमय मौत पर सांसद प्रतिनिधि मोतीलाल गौड़ ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने लक्ष्मण गिलुआ की मौत को कोल्हान व झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उनके निधन पर अवैतनिक चौकीदार संघ ने जताया भी दुख व्यक्त किया। संघ के युधिष्ठिर महतो ने कहा कि अवैतनिक चौकीदारों की मांग को लेकर लक्ष्मण गिलुआ सदैव तत्पर रहे। उन्होंने चौकीदारों की मांगों का न सिर्फ समर्थन किया, बल्कि हमेशा चौकीदारों के साथ खड़े रहे। शार्ट सर्किट से घर में लगी आग, लाखों का सामान खाक : सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड-10 निवासी देवी प्रसन्न सारंगी के घर में बुधवार की देर रात लगभग 2:30 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि 15-20 मिनट में घर के अंदर रखा लगभग 1.50 लाख का सामान जलकर खाक हो गया। देवी प्रसन्न ने बताया कि बुधवार की रात सभी लोग घर में सो रहे थे। लगभग 3:00 बजे के आसपास कुछ फटने की तेज आवाज आई। घर से बाहर निकल कर देखे ऊपर वाले कमरे में आग लगी थी। बताया कि घर के ऊपर लगे एसबेस्टस के फटने की आवाज आ रही थी। आनन-फानन में उन्होंने निर्माणाधीन एसडीओ आफिस के लोगों के सहयोग से पानी का छिड़काव किया और आग पर काबू पाया गया। हालांकि घर में रखे सभी सामान जलकर राख हो गए। उन्होंने बताया कि घर में रखा गोदरेज, स्टेबलाइजर, पंखा, कपड़ा, कॉपी-किताब समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गए। देवी प्रसन्न सामान्य परिवार से हैं। वे बस में कंडक्टर का काम करते हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन व प्रखंड प्रशासन से घर के लिए सहयोग राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। इंग्लिश हाई स्कूल के प्राचार्य का निधन : बुधवार की रात एकेडमिक इंग्लिश हाई स्कूल राजनगर के मालिक व प्रधानाचार्य अजय मिश्रा उर्फ मुन्ना का निधन हो गया। वे लगभग 52 साल के थे। उनके छोटे बेटे कुंदन ने बताया कि मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, उसके बाद उन्हें राजनगर से जमशेदपुर ले जाया गया। एमजीएम में भर्ती नहीं लिया गया तो उन्हें डिमना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें निमोनिया हो गया था। साथ ही उन्हें हार्ट की बीमारी भी थी। हालांकि एक-दो दिन पहले वे पूरी तरह से स्वस्थ थे। उन्होंने अपने बलबूते 2003 में राजनगर में स्कूल की स्थापना की थी, उसके बाद स्कूल को प्लस-2 तक पहुंचाया। जैक से मान्यता भी मिली। इस बार स्कूल को मैट्रिक परीक्षा केंद्र भी बनाया गया है। स्कूल में एलकेजी से 12वीं तक के 12 सौ से अधिक बच्चे अध्यनरत हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।