सरायकेला में ठेले पर मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, मानगो के युवक की मौत; दूसरा गंभीर रूप से घायल
आदित्यपुर के जियाडा सर्विस लेन में एक फास्ट फूड ठेले पर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें ...और पढ़ें
-1792556313494_m.webp)
HighLights
जियाडा सर्विस लेन में फास्ट फूड ठेले पर विवाद हिंसक हुआ।
मारपीट में मानगो निवासी शेखर की मौत, एक युवक घायल।
आदित्यपुर पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों से जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, सरायकेला। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जियाडा सर्विस लेन में मंगलप की देर रात एक फास्ट फूड ठेले पर उपजा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
इस हिंसक झड़प और मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
मामूली कहासुनी से बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 12:30 बजे जियाडा सर्विस लेन स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई।
देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में कई युवकों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मानगो निवासी शेखर नामक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस घटना में घायल एक अन्य युवक की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज जारी है
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और तुरंत जांच-पड़ताल शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी घायलों और अस्पताल प्रबंधन से जानकारी जुटाने टीएमएच भी पहुंचे।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने इस संबंध में बताया कि आपसी विवाद के कारण हुई मारपीट में एक युवक की जान गई है और एक अन्य घायल है। पुलिस इस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की असल वजह क्या थी, इस मारपीट में कुल कितने लोग शामिल थे और किस-किस की क्या भूमिका रही।
घायलों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि भी अभी नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और पूरे सच का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं अमन यादव? झारखंड के युवा नेता को BJYM में मिली राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में अपराध की साजिश नाकाम,पुलिस ने खदेड़कर बाइक सवार 3 युवकों को दबोचा
