मामूली विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, घर के बाहर रात भर पड़ा रहा शव
साहिबगंज के महादेवगंज जयंती ग्राम में अपराधियों ने 33 वर्षीय राजकुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। राजकुमार के सिर में गोली मारी गई जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है।

संवाद सहयोगी, साहिबगंज। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज जयंती ग्राम में गुरुवार की रात अपराधियों ने 33 वर्षीय राजकुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने उसके सिर में गोली मारी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार की सुबह घटना की सूचना पर एसडीपीओ किशोर तिर्की, नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनिश पांडेय दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे तथा मामले की छानबीन करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि राजकुमार घर पर अकेले ही रहता था। पत्नी 10-12 साल पूर्व ही उसे छोड़कर चली गई थी। वह अपने मायके में रहती है। राजकुमार की बहन की शादी पास में ही हुई है। ऐसे में उसकी मां व बेटा आदित्य यादव उसकी बहन के घर में रह रहा था।
बताया जाता है कि गुरुवार की रात राजकुमार घर में सोया हुआ था। इसी दौरान कुछ अपराधी पहुंचे और उसे बाहर बुलाया। इस क्रम में दोनों में विवाद हुआ और अपराधी उसके सिर पर गोली मार कर भाग निकले। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोग भी अपने घरों में दुबके रहे। किसी ने पुलिस तक को सूचना नहीं दी। सुबह में ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना प्रभारी को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई। इधर, डाक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव उसके स्वजनों को सौंप दिया।
सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने बताया कि हत्या किसने की है यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। घर वालों से जानकारी इकट्ठा की जा रही है फिलहाल जमीनी विवाद का मामला लग रहा है। पुलिस जल्द ही इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर हत्यारों को गिरफ्तार कर लेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।