Barhait Vidhan Sabha Result 2024: बरहेट में BJP की बुरी हार क्यों हुई? 203 बनाम 74 का था खेला; दांव हो गया फेल
बरहेट विधानसभा क्षेत्र में झामुमो प्रत्याशी हेमंत सोरेन ने भाजपा प्रत्याशी को 39791 मतों से हराया। हेमंत सोरेन को 58.95 प्रतिशत मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी को 34.42 प्रतिशत मत मिले। वैसे 2019 में भाजपा प्रत्याशी को 47985 मत मिले थे जबकि इस बार 55821 मत मिले। 2019 के विधानसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार मतों का बिखराव कम हुआ।

डा. प्रणेश, साहिबगंज। Barhait Vidhan Sabha Seat: बरहेट विधानसभा क्षेत्र इस बार भाजपा के चुनाव अभियान के केंद्र बिंदु में था। इसे जीतने के लिए पार्टी ने दम लगा दिया था। चुनाव की घोषणा से पूर्व कई बार यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का दौरा हुआ। भाजपा के संताल परगना स्तरीय परिवर्तन यात्रा की शुरूआत भी यहीं से हुई।
भाजपा ने 74 तो झामुमो ने 203 सीटों पर बनाई बढ़त
चुनाव के दौरान भी यहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सभा हुई तथा पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का रोड शो हुआ। इसके बाद भी भाजपा 277 बूथों में मात्र 74 पर ही बढ़त बना सकी और झामुमो प्रत्याशी हेमंत सोरेन यहां से 39791 मतों से चुनाव जीत गए। झामुमो प्रत्याशी हेमंत सोरेन को इस बार 58.95 प्रतिशत मत मिले। पिछली बार उन्हें 53.49 प्रतिशत मत मिले थे।
उधर, भाजपा प्रत्याशी को इस बार 34.42 प्रतिशत मत मिले जबकि पिछली बार 34.82 प्रतिशत मत मिले थे। वैसे 2019 में भाजपा प्रत्याशी को 47985 मत मिले थे जबकि इस बार 55821 मत मिले। झामुमो प्रत्याशी को पिछली बार 73725 मत मिले थे लेकिन इस बार 95612 मत मिले।
नहीं हुआ मतों का बिखराव
2019 के विधानसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार मतों का बिखराव कम हुआ। 2019 में कुल 12 प्रत्याशी मैदान में थे लेकिन इस बार मात्र नौ उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। इसके अलावा पिछली बार भाजपा व झामुमो को छोड़कर पांच प्रत्याशियों को चार अंक में मत मिले थे लेकिन इस बार उन दोनों को छोड़कर मात्र एक प्रत्याशी को चार अंक में मत मिल पाया। हालांकि, नोटा को मिलने वाले मतों में वृद्धि हुई।
पिछली बार नोटा को 1.86 प्रतिशत मत मिले थे जबकि इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 2.14 प्रतिशत हो गया। पहाड़िया नेता सिमोन मालतो के अंतिम समय में झामुमो का दामन थाम लेने तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रेणुका मुर्मू के भाजपा से त्यागपत्र दे देने से भी पार्टी को कुछ नुकसान हुआ।
कुछ बूथों पर भाजपा को बंपर वोट
विधानसभा क्षेत्र के जिन 74 बूथों पर भाजपा को बढ़त मिली है उनमें पांच बूथ पर मतों का अंतर चार सौ से अधिक है। 10 बूथ पर यह अंतर तीन सौ से अधिक तो 10 बूथ पर अंतर दो सौ से अधिक है। 27 मतदान केंद्र पर यह अंतर सौ से अधिक है।
कुसमा, गोराफुल्ली, डोराय, पंचकठिया, बाबूपुर, झबरी जैसे गांवों में भाजपा प्रत्याशी को बढ़त मिली। बूथ नंबर 121 मध्य विद्यालय कुसमा, बूथ नंबर 143 उत्क्रमित मध्य विद्यालय दक्षिणी भाग, बूथ नंबर 166 प्राथमिक विद्यालय बरहेट अनुसूचित जाति टोला, बूथ संख्या 168 आदर्श कन्या स्कूल बरहेट पश्चिमी भाग, बूथ नंबर 182 उत्क्रमित हाईस्कूल पंचकठिया उत्तरी भाग में भाजपा प्रत्याशी को लोगों ने दिल खोलकर मत दिया। इस वजह से इन बूथों पर भाजपा प्रत्याशी ने झामुमो उम्मीदवार पर चार सौ से अधिक मतों से बढ़त बनाई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।