विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड पर गंगा से कटाव नियंत्रण में रेलवे को मिली बड़ी सफलता, जल्द बहाल होंगी ट्रेन सेवाएं

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:43 AM (IST)

Eastern Railway ने साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड पर सकरीगली-महाराजपुर के बीच कटाव को रोकने में सफलता पाई है, जिससे जल्द ही ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू होने की उम्मीद है।

बोल्डर का बाक्स बनाकर गंगा से कटाव को नियंत्रित कर रहे रेलवे के मजदूर और अभियंता। (फोटो जागरण)

बोल्डर का बाक्स बनाकर गंगा से कटाव को नियंत्रित कर रहे रेलवे के मजदूर और अभियंता। (फोटो जागरण)

जागरण संवाददाता, साहिबगंज। साहिबगंज-हावड़ा के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। सकरीगली-महाराजपुर के बीच साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड के किनारे हो रहे गंगा से कटाव को रोकने में रेलवे ने सफलता प्राप्त कर ली है।

कटाव क्षेत्र में कुछ जगहों पर बोल्डर का बाक्स बनाया गया है। हालांकि, बीच-बीच में गैप है जिसे अब भरा जा रहा है। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो दो-तीन दिनों में ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू हो सकता है।

उधर, रविवार को छठे दिन भी साहिबगंज-बरहड़वा के बीच डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। पांच अक्टूबर को चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को भी रद कर दिया गया है तथा एक्सप्रेस ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया है।

कटाव की गति की देखते हुए कटावरोधी काम में लगे कर्मी मायूस हो गए थे। लेकिन रविवार को उम्मीद की किरण नजर आने लगी है। उधर, गंगा का जलस्तर बढ़ने की रफ्तार की धीमी पड़ी है। रविवार की शाम गंगा का जलस्तर 27.68 मीटर रिकार्ड किया गया।

इधर, रविवार को जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता विजय कुमार एवं सदर अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रभावित स्थल पर चल रहे बहाली कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से कार्य की वर्तमान स्थिति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

अपर समाहर्ता ने बताया कि प्रभावित स्थल पर रेलवे के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। रेल परिचालन को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाने के उद्देश्य से सभी संबंधित टीमें 24 घंटे युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।

जिला प्रशासन द्वारा भी पूरे घटनाक्रम पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित विभागों एवं रेलवे प्रशासन के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए बहाली कार्य को गति देने और रेल सेवाओं को यथाशीघ्र सामान्य कराने की दिशा में हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।

पांच अक्टूबर की रद ट्रेनें
* 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू
* 63421 आजीमगंज-साहिबगंज मेमू
* 63411 साहिबगंज-भागलपुर मेमू
* 53411 बरहड़वा-साहिबगंज पैसेंजर
* 13427 हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस
* 63405 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू
* 53487 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
* 53485 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
* 53481 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
*53483 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
*63401 साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू
•63422 साहिबगंज-अज़ीमगंज मेमू
•63412 भागलपुर-साहिबगंज मेमू
•53412 साहिबगंज-बरहड़वा पैसेंजर
*63074 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू
*13428 साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस
•53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर
* 53490 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर
•53488 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर
* 53406 साहिबगंज-रामपुरहाट पैसेंजर
* 53484 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर
* 53486 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर


डायवर्ट होनेवाली ट्रेनें
• 15657 दिल्ली – कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल (04.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा), 20508 आनंद विहार टर्मिनल - सैरांग राजधानी एक्सप्रेस (04.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) और 15734 भटिंडा – बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस (03.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार होकर डायवर्ट किया जाएगा।

14004 नई दिल्ली - मालदा टाउन एक्सप्रेस (04.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार-मालदा टाउन होकर डायवर्ट किया जाएगा।

• 13404 भागलपुर – रांची वनांचल एक्सप्रेस (05.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) और 13072 जमालपुर – हावड़ा एक्सप्रेस (05.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट होकर डायवर्ट किया जाएगा।

13024 गया – हावड़ा एक्सप्रेस (05.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) को किऊल - झाझा - आसनसोल होकर डायवर्ट किया जाएगा।

ट्रेनों का शार्ट टर्मिनेशन/शार्ट ओरिजिनेशन

• 53029 अजीमगंज - भागलपुर पैसेंजर (05.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) बरहड़वा में शार्ट टर्मिनेट होगी।
• 13410 किऊल – मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस (05.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) साहिबगंज में शार्ट टर्मिनेट होगी।
• 63063 बर्धमान - साहिबगंज मेमू (05.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) तीनपहाड़ में शार्ट टर्मिनेट होगी।
• 13409 मालदा टाउन – किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस (05.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) साहिबगंज से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।
• 53403 रामपुरहाट – गया पैसेंजर (06.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) जमालपुर से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।
• 53030 भागलपुर – अजीमगंज पैसेंजर (06.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) बरहरवा से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।
• 63064 साहिबगंज - बर्धमान मेमू (05.10.2026 को शुरू होने वाली यात्रा) तिनपहाड़ से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए दो पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

दो साहिबगंज – भागलपुर पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें 05.10.2026 को साहिबगंज से सुबह 09:30 बजे और शाम 17:00 बजे चलेंगी।

एक भागलपुर – साहिबगंज पैसेंजर स्पेशल ट्रेन 05.10.2026 को भागलपुर से रात 22:00 बजे चलेगी।

यह भी पढ़ें- गंगा से कटाव बना आफत, साहिबगंज-बरहड़वा डाउन लाइन 4 दिन से ठप; वनांचल समेत कुछ ट्रेनें अप से चलाने का प्रस्ताव

यह भी पढ़ें- योगी से मुलाकात के बाद अनंत ओझा का दावा-UP में फिर खिलेगा कमल, तीसरी बार बनेगी सरकार