विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मालदा टाउन-अहमदाबाद के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, साहिबगंज-भागलपुर में भी स्टॉपेज; चेक करें शेड्यूल

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:00 AM (IST)

दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने मालदा टाउन और अहमदाबाद के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

मालदा टाउन-अहमदाबाद के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन

मालदा टाउन-अहमदाबाद के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन

HighLights

  1. मालदा टाउन-अहमदाबाद के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलेगी।

  2. दुर्गा पूजा, दिवाली, छठ के लिए यात्रियों को सुविधा।

  3. साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ी।

जागरण टीम, साहिबगंज। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मालदा टाउन और अहमदाबाद के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के परिचालन से त्योहार के समय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

ट्रेन पूर्व रेलवे के क्षेत्र में साहिबगंज समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 09401 अहमदाबाद-मालदा टाउन स्पेशल 14 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 के बीच प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी।

यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 10 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। इस अवधि में ट्रेन के सात फेरे निर्धारित हैं। वहीं ट्रेन संख्या 09402 मालदा टाउन-अहमदाबाद स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 के बीच प्रत्येक शुक्रवार को मालदा टाउन से शाम 6:10 बजे रवाना होगी।

यह ट्रेन तीसरे दिन दोपहर एक बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। इस दिशा में भी ट्रेन सात फेरे लगाएगी।

दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव पूर्व रेलवे के अंतर्गत न्यू फरक्का, बरहड़वा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर होगा। ट्रेन में यात्रियों के लिए स्लीपर क्लास और एसी श्रेणी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

सकरीगली-महाराजपुर के बीच ट्रेनों की रफ्तार बढ़ी

साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड के डाउन लाइन पर सकरीगली से महाराजपुर के बीच ट्रेनों की रफ्तार बढ़ा दी गई है। इस मार्ग पर करीब आधा किलोमीटर में ट्रेनों की रफ्तार मात्र 10 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई थी, जिसे 12 अक्टूबर को बढ़ाकर 20 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है।

इसके साथ ही लोड मालगाड़ियों के परिचालन पर लगी रोक भी हटा ली गई है। अब इस लाइन पर लोड मालगाड़ियां भी आ जा सकेंगी।

गौरतलब हो कि 29 सितंबर को गंगा में कटाव होने के बाद साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड के डाउनलाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया था। इससे न केवल साहिबगंज, बल्कि पाकुड़ सहित आसपास के जिलों के लोगों के समक्ष की यातायात की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी।

आठ दिन बाद छह अक्टूबर से इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ, लेकिन मेल-एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों के अलावा खाली मालगाड़ियों को ही इस रूट से गुजरने की अनुमति दी गई थी तथा उसकी रफ्तार भी अधिकतम 10 किलोमीटर प्रति घंटा रखने को कहा गया था।

वहां लगातार कटावरोधी कार्य किया जा रहा है, लेकिन अब गंगा का जलस्तर काफी घट गया है और रेललाइन पर मंडरा रहा खतरा टल गया है। ऐसे में वहां ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाकर 20 किलोमीटर प्रतिघंटा कर दी गई है। इस सप्ताह के अंत तक वहां रफ्तार सामान्य हो जाने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- सासाराम-डेहरी होकर चलेंगी दिल्ली और ऋषिकेश की स्पेशल ट्रेनें, नोट करें पहुंचने का समय

यह भी पढ़ें- छठ-दीपावली पर बड़ी राहत: 16 अक्टूबर से दौड़ेगी नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल, आरा में भी स्टॉपेज