साहिबगंज से बोरियो तक चलनेवाली ग्रामगाड़ी हो गई बंद, मुख्यमंत्री के जिले का हाल
Jharkhand CM Gramgadi Yojana: साहिबगंज से बोरियो तक चलने वाली मुख्यमंत्री ग्रामगाड़ी योजना की बस सेवा बंद हो गई है, ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना। (फाइल फोटो)
HighLights
साहिबगंज से बोरियो तक ग्रामगाड़ी सेवा का परिचालन बंद।
संचालकों को सात माह से भुगतान नहीं मिलने से सेवा ठप।
यात्रियों, छात्रों और जरूरतमंदों को आवागमन में भारी परेशानी।
संवाद सहयोगी, मंडरो (साहिबगंज)। साहिबगंज जिला मुख्यालय से सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ने व यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से झारखंड सरकार की ओर से शुरू की गयी मुख्यमंत्री ग्रामगाड़ी योजना यहां दम तोड़ने लगी है। यह हाल तब है जब सूबे के मुख्यमंत्री हेमंंत सोरेन साहिबगंज जिले के बरहेट से विधायक हैं।
मुख्यमंत्री ग्रामगाड़ी योजना के तहत जिले में कुल 14 रूट चिह्नित किए गए थे जिनमें मात्र दो रूटों पर परिचालन शुरू हो पाया। इनमें साहिबगंज बस स्टैंड से महादेवगंज-मिर्जाचौकी-भगैया-मंडरो- बोआरीजोर होते हुए बोरियो तक चलनेवाली गाड़ी का परिचालन बंद हो गया है।
पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा से साहिबगंज तक एक बस का परिचालन हो रहा है। इस बीच पाकुड़ के डांगापाड़ा से साहिबगंज तक गाड़ी के परिचालन में एक व्यक्ति ने रूचि दिखाई है। उसके जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
इधर, मिर्जाचौकी, मंडरो आदि जगह के लोगों ने विभाग से बंद ग्रामगाड़ी सेवा को फिर से शुरू करने की मांग की है, ताकि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नियमित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।
गाड़ी बंद होने से बढ़ी परेशानी
साहिबगंंज-बोरियो के बीच चलनेवाली बस के बंद होने से सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गई है। ग्रामगाड़ी बंद होने के बाद जिला मुख्यालय आने-जाने वाले यात्रियों को निजी छोटे तीन पहिया और चार पहिया वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
ग्रामगाड़ी संचालक ने बताया कि योजना के तहत परिचालन के लिए मिलने वाली राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। संचालक के अनुसार करीब सात माह की राशि बकाया है।
एक दिन वाहन चलाने में पांच से छह हजार रुपये तक का खर्च आता है, जिसमें ईंधन, चालक का खर्च और वाहन के अन्य परिचालन खर्च शामिल है। भुगतान नहीं मिलने के कारण वाहन का संचालन करना मुश्किल हो गया है। इसी वजह से फिलहाल साहिबगंज से बोरियो के बीच ग्रामगाड़ी का परिचालन बंद है।
इन यात्रियों को मिलती थी विशेष सुविधा
योजना के तहत संचालित बस में स्कूल-कालेज के विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, विधवा, झारखंड आंदोलनकारियों तथा एचआइवी संक्रमित मरीजों सहित कुछ श्रेणी के यात्रियों को निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिलती थी।
ग्रामगाड़ी सेवा बंद होने से इन यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दूरदराज के गांवों से पढ़ाई के लिए आने-जाने वाले विद्यार्थियों तथा इलाज के लिए जिला मुख्यालय पहुंचने वाले जरूरतमंद लोगों की कठिनाई बढ़ गई है।
योजना के तहत गाड़ी खरीदने पर मिलती थी रियायत
इस योजना के तहत गाड़ी खरीदने पर सरकार कई तरह की रियायत देती है। इसके तहत रोड टैक्स पूरी तरह फ्री है। रजिस्ट्रेशन व परमिट एक रुपये में मिलता है। स्टैंड में भी किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ता है।
इसके अलावा 33-42 सीट तक के वाहनों को सरकार 18 रुपये प्रति किलोमीटर, 25 से 32 सीट तक के वाहनों को 14.50 रुपये प्रति किलोमीटर, सात से 12 सीट तक के वाहनों को 7.50 रुपया प्रति किलोमीटर क्षतिपूर्ति के रूप में देने का प्रावधान था लेकिन बताया जा रहा है कि मार्च के बाद से इस मद में राशि आवंटित ही नहीं हुई। इस वजह से संचालक को राशि नहीं मिली और उसने वाहन चलाने से इन्कार कर दिया है।
