विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूध उत्पादन बढ़ाने का देसी फॉर्मूला: 8 रुपये KG मिल रहा 'साइलेज', जानिए बुकिंग और चारा खिलाने का तरीका

Published: Fri, 27 Nov 2026 01:53 PM (IST)Updated: Fri, 27 Nov 2026 02:09 PM (IST)

मेधा डेयरी अब ऑफ-सीजन में पशुओं के लिए 'साइलेज' उपलब्ध करा रही है, जो मक्का, बाजरा या ज्वार से बना एक संरक्षित हरा चारा है। 

मेधा डेयरी द्वारा उपलब्ध कराया जाता है साइलेज। (जागरण)

मेधा डेयरी द्वारा उपलब्ध कराया जाता है साइलेज। (जागरण)

HighLights

  1. साइलेज पशुओं की पाचन शक्ति और सेहत सुधारता है।

  2. यह दुधारू पशुओं की दूध क्षमता बढ़ाता है।

  3. मेधा डेयरी 8 रुपये प्रति किलो में साइलेज देती है।

शिव शंकर कुमार, साहिबगंज। पशुओं के बेहतर पोषण के लिए हरा चारा अत्यंत आवश्यक होता है। सामान्यतः किसान रबी और खरीफ की फसलों के दौरान मक्का, बाजरा, जई, गन्ना तथा हरी घास पशुओं के आहार में शामिल करते हैं, जिससे उनकी पाचन शक्ति सुदृढ़ होती है और सेहत में सुधार आता है।

पोषणयुक्त हरे चारे के सेवन से दुधारू पशुओं की दूध देने की क्षमता भी बढ़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब मेधा डेयरी द्वारा ऑफ-सीजन में भी 'साइलेज' (संरक्षित हरा चारा) मुहैया कराया जा रहा है। इस विशेष आहार को मक्का, बाजरा या ज्वार में नमक और गुड़ मिलाकर तैयार किया जाता है।

Silage

साइलेज चारा। (जागरण)

साइलेज चारा को लेकर पशुपालकों के मन में कई प्रकार के सवाल हैं। जैसे कि मवेशियों के रोज के आहार में कितना साइलेज चारा शामिल करें, किस उम्र और नस्ल के मवेशियों को यह चारा दिया जाए, साइलेज चारा खिलाने के बाद दूध उत्पादन में कितना बदलाव कितने समय में देखने को मिलेगा, यह चारा कैसे खरीदें और इसे घर पर कैसे बनाया जा सकता है?

आइए इस खबर में हम आपकी सारी चिंताएं दूर करते देतें है। जागरण संवाददाता शिव शंकर कुमार ने मेधा डेयरी प्लांट के इंचार्ज राजीव रंजन से बात की और किसानों के सभी जिज्ञासाओं को जानने का प्रयास किया। साइलेज चारा को लेकर आपके मन में चल रहे कुछ प्रश्न और उसके उत्तर यहां हैं...

RAJIV RANJAN

राजीव रंजन, इंचार्ज, मेधा डेयरी प्लांट। (जागरण)

1. साइलेज को मवेशियों के रोज के आहार में कितनी मात्रा में और किस तरह शामिल करना चाहिए?

साइलेज को पशुओं के हरे चारे के विकल्प के रूप में दैनिक आहार में शामिल किया जा सकता है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के अनुसार, साइलेज खिलाने की शुरुआत पहले 3-4 दिनों तक लगभग 5-10 किलोग्राम प्रति पशु प्रतिदिन से करनी चाहिए, ताकि पशु धीरे-धीरे इसकी गंध और स्वाद का आदी हो जाए।

इसके बाद पशु के शरीर के वजन, दूध उत्पादन और अन्य चारे की उपलब्धता के अनुसार इसकी मात्रा धीरे-धीरे बढ़ानी चाहिए। इसे गेहूं के भूसे, संतुलित पशु आहार और मिनरल मिक्सचर के साथ मिलाकर देना चाहिए।

2. क्या साइलेज सभी उम्र और नस्ल के मवेशियों को दिया जा सकता है?

अच्छी गुणवत्ता वाला साइलेज गाय, भैंस और अन्य जुगाली करने वाले पशुओं को दिया जा सकता है। इसे दुधारू, गर्भवती, सूखे पशुओं और बढ़ती हुई बछियों के आहार में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, बहुत छोटे बछड़ों, जिनका रूमेन (जुगाली करने वाला पहला पेट) पूरी तरह विकसित नहीं हुआ है, के लिए साइलेज मुख्य आहार नहीं होना चाहिए।

उन्हें उनकी उम्र और शारीरिक विकास के अनुसार उपयुक्त आहार देना चाहिए। इसके अलावा, साइलेज की मात्रा अचानक बढ़ाने के बजाय धीरे-धीरे बढ़ानी चाहिए।

अत्यधिक मात्रा या असंतुलित आहार के साथ साइलेज देने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए प्रत्येक पशु की शारीरिक स्थिति और पोषण संबंधी आवश्यकता के अनुसार इसकी मात्रा निर्धारित करनी चाहिए।

3. साइलेज खिलाने पर दूध उत्पादन में बदलाव कितने समय में दिख सकता है और क्या इसकी कोई गारंटी है?

साइलेज से दूध उत्पादन बढ़ने की कोई निश्चित समय-सीमा या गारंटी नहीं है। इसका मुख्य लाभ पशुओं को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण हरा चारा उपलब्ध कराना है।

यदि पहले पशु को पर्याप्त हरा चारा नहीं मिल रहा था, तो संतुलित आहार में साइलेज शामिल करने से दूध उत्पादन में सकारात्मक बदलाव आ सकता है। इसका परिणाम पशु की नस्ल, स्वास्थ्य, दूध उत्पादन क्षमता और संपूर्ण आहार पर निर्भर करता है।

4. साइलेज खरीदने या लेने के लिए भुगतान एवं मांग की प्रक्रिया क्या है?

मेधा डेयरी द्वारा साइलेज की निर्धारित कीमत 8 रुपये प्रति किलोग्राम है। पशुपालक अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित दुग्धमित्र/समिति सचिव को साइलेज की मांग देंगे तथा निर्धारित राशि जमा करेंगे। इसके बाद दुग्धमित्र / सचिव अपने बैंक खाते से झारखंड मिल्क फेडरेशन - JMF) के Bank of India खाते में निर्धारित राशि ट्रांसफर करेंगे।

भुगतान करने के बाद उसकी रसीद या स्क्रीनशाट संबंधित JMF अधिकारी को भेजकर साइलेज की मांग दर्ज कराई जा सकती है। भुगतान की पुष्टि और साइलेज की उपलब्धता के अनुसार इसकी आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।

5. साहिबगंज और पड़ोसी जिलों में मेधा डेयरी के साइलेज वितरण केंद्रों की सूची कहां मिलेगी?

वर्तमान में साइलेज वितरण केंद्रों की कोई अलग सूची या निर्धारित प्रारूप उपलब्ध नहीं है। साहिबगंज हब के अंतर्गत साहिबगंज, गोड्डा और पाकुड़ जिले आते हैं।

इन जिलों के अंतर्गत आने वाले सभी BMC एवं दुग्ध उत्पादक समितियों के स्थानों पर पशुपालकों की मांग के अनुसार साइलेज पहुंचाने की व्यवस्था है।

मांग की मात्रा, स्थान और उपलब्धता के अनुसार साइलेज पहुंचाने में सामान्यतः लगभग 5-7 दिनों का समय लग सकता है। हालांकि, यदि कोई पशुपालक 3 MT क्षमता वाले वाहन के माध्यम से एक बार में पूरी 3 MT साइलेज की मांग करता है, तो दूरी और परिवहन व्यवस्था के अनुसार लगभग 1-2 दिनों में साइलेज उपलब्ध कराया जा सकता है।

Silage BIRBAL YADAV

बीरबल यादव। (पशु)

6. खरीदे गए साइलेज को खोलने के बाद कितने समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है और उसे कैसे स्टोर करना चाहिए?

मेधा डेयरी का साइलेज लगभग 48-52 किलोग्राम (औसतन 50 किलोग्राम) के बेल में उपलब्ध है। बेल खोलने के बाद साइलेज को हवा, बारिश और अतिरिक्त नमी के संपर्क से बचाना जरूरी है।

पशुओं की दैनिक आवश्यकता के अनुसार ही साइलेज निकालना चाहिए तथा शेष साइलेज को साफ और सूखी जगह पर अच्छी तरह ढककर रखना चाहिए। खुले साइलेज को यथासंभव जल्दी उपयोग कर लेना बेहतर होता है, क्योंकि हवा और नमी के संपर्क में आने से इसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

गर्म और आर्द्र मौसम में इसे विशेष सावधानी से रखना चाहिए। हवा के संपर्क में आई खुली सतह का साइलेज 24-48 घंटे के भीतर उपयोग करना बेहतर है।

पूरे खुले बेल को भी गर्म मौसम में यथासंभव 2-3 दिनों के भीतर इस्तेमाल कर लेना चाहिए। यदि साइलेज में फफूंद, सड़न या असामान्य दुर्गंध दिखाई दे, तो उसे पशुओं को नहीं खिलाना चाहिए।

यह भी पढ़ें- 18 से 22 लीटर तक पहुंचा गाय का दूध, 8 रुपये किलो मिल रहा चारा, साहिबगंज के पशुपालकों के लिए वरदान बना 'साइलेज'

यह भी पढ़ें- घर पर साइलेज कैसे बनाएं? 860 रुपये में बनेगा 100 KG चारा, ऑफ-सीजन में बढ़ सकता है गाय का दूध

साइलेज चारा मेधा कंपनी से मंगाया हूं और एक महीने से अपनी गायों को खिला रहा हूं, मेरी गाय का दूध भी 3 से 4 लीटर बढ़ गया है। इसे खिलाने से गाय का स्वास्थ्य बहुत अच्छा रहता है। मैं सभी किसानों से कहूंगा कि साइलेज चारा मंगाकर अपनी गायों को खिलाएं, दूध की मात्रा भी बढ़ रही है।

-

बीरबल यादव, पशुपालक

आज के समय में हम किसानों को ऐसा चारा तैयार करके देते हैं कि जब हमारे पास रेगुलर हरा चारा नहीं होता है तो यह बहुत कारगर साबित हो रहा है। बरसात और ठंड के समय इसका महत्व समझ में आता है। बाजार में हर तरह का चारा है लेकिन साइलेज पशुओं के लिए बेहतर है, इससे उनके दूध में बढ़ोतरी होगी, साथ ही साथ उनका स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। साइलेज किसान घर पर भी तैयार कर सकते हैं। हमने उसके लिए ट्रेनिंग की व्यवस्था की है। किसानों को साइलेज आसानी से मिले उस पर काम किया जा रहा है। साइलेज रांची के नगड़ी में बनाया जा रहा है। इसे बनाने के लिए अलग से प्रशिक्षित कारीगर और मजदूर रखे गए हैं। वह सभी एसओपी से यह चारा बनाते हैं। साइलेज की कीमत 8 रुपये प्रति किलो हैं। पूरे झारखंड सहित पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा के पशुपालकों को साइलेज उपलब्ध कराया जा रहा है।

-

राजीव रंजन, इंचार्ज, मेधा डेयरी प्लांट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।