18 से 22 लीटर तक पहुंचा गाय का दूध, 8 रुपये किलो मिल रहा चारा, साहिबगंज के पशुपालकों के लिए वरदान बना 'साइलेज'
मेधा डेयरी पशुपालकों को बेमौसम में भी हरे चारे से तैयार पौष्टिक साइलेज उपलब्ध करा रही है, जिससे मवेशियों का दूध उत्पादन बढ़ रहा है।

मेधा डेयरी प्लांट में रखा साइलेज चारा का दर्जनों बेल। (जागरण)
HighLights
मेधा डेयरी बेमौसम में पौष्टिक साइलेज उपलब्ध करा रही है।
साइलेज से मवेशियों का दूध उत्पादन धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
पशुपालक स्वयं साइलेज बनाने का प्रशिक्षण भी ले सकते हैं।
शिवशंकर कुमार, साहिबगंज। मवेशियों के लिए हरा चारा पौष्टिक माना जाता है। रबी और खरीफ के मौसम में पशुपालक उन्हें मक्का, बाजरा, जई, ईख और घास खिलाते हैं। इससे पाचन तंत्र मजबूत रहता है और स्वास्थ्य बेहतर होता है।
चारा खाने के बाद दूध उत्पादन में भी वृद्धि होती है। अब मेधा डेयरी बेमौसम में भी हरे चारे से तैयार संरक्षित चारा,साइलेज उपलब्ध करा रही है। इसमें मक्का, ज्वार या बाजरा के साथ गुड़ और नमक का मिश्रण रहता है।
इसे खाने के बाद मवेशियों के दूध उत्पादन में धीरे-धीरे इजाफा होने लगता है। मेधा डेयरी प्लांट में साइलेज 8 रुपये प्रति किलो की दर से दिया जाता है। पूरी तरह पैकेट में बंद एक बेल का वजन करीब 48 से 52 किलो होता है।
सेंटर तक चारा पहुंचाने का परिवहन खर्च कंपनी वहन करती है। साहिबगंज से पड़ोसी जिले में भी पशुपालकों को 8 रुपये प्रति किलो की दर से साइलेज मिलने का प्रावधान है। पशुपालक कंपनी के खाते में राशि जमा कर सेंटर से चारा ले सकते हैं।
35000 क्विंटल दूध का हर का लक्ष्य
झारखंड राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक महासंघ लिमिटेड का प्रयास है कि साहिबगंज सहित अन्य जिलों में संचालित मेधा डेयरी प्लांट में दूध की मात्रा बढ़े। इसके लिए आठ माह पहले रांची में सरकारी फंड से प्लांट स्थापित किया गया।
यहां साइलेज तैयार कर हर जिले में भेजा जा रहा है। पशुपालकों की मांग पर मेधा डेयरी प्लांट में तीसरी खेप के तहत ट्रक से 15 एमटी साइलेज मंगवाया गया है। अब तक जिले और पड़ोसी जिले में 30 एमटी साइलेज बेचा जा चुका है।
वर्तमान में जिला मेधा डेयरी प्लांट को जिले और पड़ोसी जिले से मिलाकर हर दिन 28 हजार क्विंटल दूध प्राप्त होता है। साइलेज के जरिये इसे बढ़ाकर प्रतिदिन 35 हजार क्विंटल करने का लक्ष्य है। इसमें धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है।
किसान खुद तैयार कर सकते हैं साइलेज
जो पशुपालक साइलेज खरीदने में असमर्थ हैं, वे मेधा डेयरी प्लांट में तैनात रितिक कुमार से प्रशिक्षण ले सकते हैं। किसान अपने खेत के हरे चारे से साइलेज तैयार कर सकते हैं।
प्रशिक्षण लेकर इसे खुद बनाने से उनकी बचत होगी और फायदा भी अधिक होगा। जैसे पांच किलो हरा चारा को काटकर सुखाने व हल्की नमी रहने पर पांच किलो रवा गुड़ ,एक किलो नमक सहित अन्य सामग्री सहित अन्य विधि से तैयार कर सकते है।
पशुपालकों का अनुभव
मिर्जाचौकी के आदित्य कुमार कश्यप ने बताया कि शुरुआत में गाय साइलेज नहीं खा रही थी, लेकिन धीरे-धीरे उसे पसंद आने लगा और दूध बढ़ा। एक बार में चार किलो साइलेज दिया जाता है।
जैसे एक गाय का दूध 18 किलो से बढ़कर 22 किलो देने लगी है। सात गायों में चार का दूध बढ़ा है, जबकि बाकी दिसंबर तक बच्चा देंगी। सारा दूध मेधा डेयरी को देते हैं।
मंगलहाट के आकाश भान ने बताया कि वे दो माह से गाय को साइलेज खिला रहे हैं और दूध में बढ़ोतरी हुई है। सालभर हरा चारा मिलना सबसे बड़ी राहत है।
खेत होने के बावजूद चारा लाना संभव नहीं होता। शहरी क्षेत्र के पशुपालकों को भी वरदान साबित होगा। गया को निरंतर चार मिलने से स्वस्थ होगी।
यह भी पढ़ें- बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी: भोजपुर में पहली बार उगेगा 1.5 KG का अनार, 30 नवंबर से मिलेंगे पौधे
पशुपालक ऑनलाइन आवेदन कर अपने सेंटर से साइलेज प्राप्त कर सकते हैं। बाढ़ के दिनों में चारे की किल्लत और शहरों में चारा उपलब्ध न होने की स्थिति में यह संरक्षित चारा उपयोगी साबित हो सकता है। यह साल भर उपलब्ध होगा। साइलेज प्रति किलो आठ रुपया की दर से दी जा रही है। परिवहन खर्च मेधा डेयरी वहन करती है। दूध उत्पादन बढ़ाना व किसान को आर्थिक रुप से समृद्ध करना हमारा लक्ष्य है।
राजीव रंजन, इंचार्ज मेधा डेयरी प्लांट, साहिबगंज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।