बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी: भोजपुर में पहली बार उगेगा 1.5 KG का अनार, 30 नवंबर से मिलेंगे पौधे
भोजपुर के किसानों को अब अनार की भगवा सिंदूरी, शारद किंग और अंजीर की डायना जैसी उन्नत किस्में अपने जिले में ही मिलेंगी।

महाराष्ट्र की नर्सरी में फल से लदे अनार के पेड़। (सौ.- किसान)
HighLights
भोजपुर में पहली बार उन्नत अनार, अंजीर के पौधे उपलब्ध।
भगवा सिंदूरी, शारद किंग अनार; डायना अंजीर की किस्में।
किसानों को व्यावसायिक बागवानी, फल उत्पादन में मिलेगी मदद।
अरुण प्रसाद, आरा। भोजपुर के किसानों को अब अनार और अंजीर की उन्नत किस्मों के पौधे अपने जिले में ही उपलब्ध होंगे।
बिहार में पहली बार अनार की भगवा सिंदूरी और शारद किंग तथा अंजीर की डायना किस्म के पौधे 30 नवंबर से मिलने लगेंगे।
किसान अरविंद माली ने बताया कि इन उन्नत किस्मों के पौधे महाराष्ट्र से मंगाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य जिले में फल उत्पादन और व्यावसायिक बागवानी की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
अरविंद माली के अनुसार, अनार की भगवा सिंदूरी और शारद किंग दोनों उन्नत किस्में बड़े आकार, अधिक मिठास, गहरे लाल रंग के दानों और बेहतर भंडारण क्षमता के लिए जानी जाती हैं।
अनुकूल परिस्थितियों में इनके फलों का वजन एक से डेढ़ किलोग्राम तक हो सकता है। इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता की भी खास विशेषता है। आकर्षक रंग, रसदार दाने और लंबे समय तक सुरक्षित रखने की क्षमता के कारण बाजार में इनकी अच्छी मांग रहती है।
तीसरे साल से मिलने लगता है फल
अरविंद माली ने बताया कि उचित देखभाल और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर बिहार की जलवायु में भी अनार की इन किस्मों की अच्छी पैदावार ली जा सकती है।
पौधों के बीच लगभग 12 गुणा 12 फीट की दूरी रखनी चाहिए। सही प्रबंधन के साथ तीसरे वर्ष से फल मिलने शुरू हो सकते हैं।
विकसित पौधे से अनुकूल परिस्थितियों में 40 से 50 किलोग्राम तक उत्पादन संभव है। इससे किसान पारंपरिक खेती के साथ फलदार बागवानी को भी आय का बेहतर माध्यम बना सकते हैं।
औषधीय गुणों से भरपूर है अनार
अरविंद माली के मुताबिक, अनार स्वाद के साथ पोषक तत्वों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण फल है। इसमें विटामिन सी, विटामिन के, फोलेट, पोटैशियम और मैग्नीशियम के साथ पॉलीफेनोल्स तथा एंथोसायनिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं।
इसके दाने फाइबर से भी भरपूर होते हैं। ये तत्व शरीर को स्वस्थ रखने और पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में सहायक हैं।
अंजीर की नई किस्म से भी बढ़ेगा विकल्प
अनार की दोनों किस्मों के साथ अंजीर की डायना किस्म के पौधे भी 30 नवंबर से भोजपुर में उपलब्ध होंगे। अरविंद माली ने बताया कि बिहार में उचित प्रबंधन के साथ अनार की खेती की अच्छी संभावनाएं हैं।
राज्य में भी उद्यान विभाग की योजनाओं के माध्यम से फलदार पौधों और बागवानी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे में उन्नत किस्मों के पौधों की स्थानीय उपलब्धता से भोजपुर के किसानों को फल उत्पादन की नई दिशा मिल सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।