औरंगाबाद के किसानों की बल्ले-बल्ले: मसूर के बीज पर 100% सब्सिडी, चना और सरसों पर भी भारी सब्सिडी
कृषि विभाग औरंगाबाद ने रबी फसल के लिए दलहन और तेलहन की खेती को बढ़ावा देने की व्यापक तैयारी की है।

एआई के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
दलहन-तेलहन खेती प्रोत्साहन को व्यापक तैयारी।
किसानों को बीज, मिनीकिट, सब्सिडी मिलेगी।
विभिन्न योजनाओं में अनुदान का प्रावधान।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। रबी (बासंतिक) फसल के मौसम में दलहन और तेलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न योजनाओं के तहत व्यापक तैयारी की है।
किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए बीज वितरण, निशुल्क मिनीकिट और प्रत्यक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत हरा चना के बीज वितरण के लिए जिले को 2145 क्विंटल का लक्ष्य मिला है।
इस पर प्रति क्विंटल चार हजार रुपये अथवा लागत का 50 प्रतिशत, जो कम होगा, अनुदान मिलेगा। वहीं, 1096 एकड़ में हरा चना का प्रत्यक्षण कराया जाएगा।
इसके लिए प्रति एकड़ चार हजार रुपये सहायता दी जाएगी। इसी योजना में मटर बीज वितरण के लिए 2145 क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित है। इस पर प्रति क्विंटल छह हजार रुपये अथवा लागत का 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।
दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन के तहत चना के प्रमाणित बीज वितरण के लिए 430 क्विंटल और मसूर के लिए 1250 क्विंटल का लक्ष्य मिला है।
चना पर प्रति क्विंटल छह हजार रुपये अथवा लागत का 75 प्रतिशत तथा मसूर पर 12 हजार रुपये अथवा लागत का 100 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
इसके अलावा चना के दो हजार और मसूर के 2500 मिनीकिट निशुल्क वितरित किए जाएंगे। चना और मसूर के प्रत्यक्षण के लिए 250-250 एकड़ का लक्ष्य निर्धारित है। दोनों फसलों पर प्रति एकड़ चार हजार रुपये सहायता मिलेगी।
तेलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर
चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत तेलहन उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। सरसों के प्रत्यक्षण के लिए 1740 एकड़ और तीसी के लिए 780 एकड़ का लक्ष्य मिला है।
इसमें क्रमशः 3600 और 3200 रुपये प्रति एकड़ सहायता दी जाएगी। सरसों के प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य 99 क्विंटल है, जिस पर 10500 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान मिलेगा।
वहीं, तीसी के प्रमाणित बीज वितरण के लिए 36 क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पर 11110 रुपये प्रति क्विंटल सहायता मिलेगी।
कृषि विभाग के अनुसार मिनीकिट का लाभ लेने वाले किसानों को अगले दो वर्षों तक उसी फसल में दोबारा लाभ नहीं मिलेगा। एक ही किसान को एक फसल में मिनीकिट और अनुदानित प्रमाणित बीज दोनों का लाभ भी नहीं दिया जाएगा।
सरकार दलहन उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। किसानों को बीज पर अनुदान और कई तरह की रियायतें दी जा रही हैं। किसान योजनाओं का लाभ उठाएं।
संदीप राज, जिला कृषि पदाधिकारी