विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में लगेंगी 33 नई फैक्ट्रियां, 915 करोड़ के निवेश से 2300 युवाओं को मिलेगा रोजगार

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने 33 औद्योगिक इकाइयों को 64.23 एकड़ भूमि आवंटित की है, जिससे 915.52 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

एआई के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।

एआई के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. बियाडा ने 33 औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन की मंजूरी दी।

  2. इन इकाइयों में 915.52 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

  3. राज्य में लगभग 2,300 नए रोजगार सृजित होंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने गुरुवार को 33 औद्योगिक इकाइयों को 64.23 एकड़ भूमि के साथ प्लग-एंड-प्ले शेड आवंटित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी।

इन उद्यमों में लगभग 915.52 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। आशा है कि इन कल-कारखानों के जरिये रोजगार के लगभग 2,300 अवसर सृजित होंगे।

बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित परियोजना स्वीकृति समिति (पीसीसी) की बैठक में भूमि आवंटन पर मुहर लगी।

उस दौरान राज्य में औद्योगिक भूमि आवंटन एवं नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। नवीन ने कहा कि प्रस्तावित निवेश से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलने तथा बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की आशा है।

प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं से संबंधित प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सुविधाओं के माध्यम से निवेशकों को तैयार औद्योगिक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जाएगी।

इससे औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में लगने वाला समय कम होगा, उत्पादन कार्य शीघ्र प्रारंभ करने में सहायता मिलेगी तथा कारोबार में अपेक्षाकृत अधिक सुगमता होगी।

किन क्षेत्रों की परियोजनाएं

स्वीकृत परियोजनाएं खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र, परिधान निर्माण, यूपीवीसी पाइप निर्माण, पीयू फोम निर्माण, बैग निर्माण तथा सामान्य विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं।

कहां-कहां दी गई भूमि

इंडस्ट्रियल एरिया कुमारबाग, सिकंदरपुर, पाटलिपुत्र, फतुहा, बरियारपुर, नवानगर, बिहारशीरफ तथा आइजीसी औरंगाबाद में भूमि आवंटन हुआ है।

यह भी पढ़ें- बिहार में बुलेट ट्रेन की राह होगी आसान, ग्रैंड कॉरिडोर से जुड़ेगा रूट; नवगछिया में बनेगी दो नई रेल लाइन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।