बच्चों की आंखों पर भारी पड़ रहा मोबाइल-कंप्यूटर, डॉ. राजवर्द्धन आजाद ने दी नियमित जांच की सलाह
Sahibganj News: डॉ. राजवर्द्धन आजाद ने बताया कि मोबाइल-कंप्यूटर के अत्यधिक उपयोग से बच्चों की आंखों पर तनाव बढ़ रहा है, जिससे उनमें आंखों की समस्याएं बढ़ रही हैं।

मरीज की आंख की जांच करते डा. राजवर्द्धन आजाद। (फोटो जागरण)
HighLights
मोबाइल-कंप्यूटर से बच्चों की आंखों पर बढ़ रहा तनाव।
नियमित आंखों की जांच और पौष्टिक आहार है जरूरी।
प्रदूषण, आनुवंशिकी भी आंखों के स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं।
डा. प्रणेश, साहिबगंज। विश्व प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा बिहार के एमएलसी डा. राजवर्द्धन आजाद का मानना है कि कंप्यूटर-मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों के उपयोग की वजह से बच्चों की आंखों का स्ट्रेश बढ़ रहा है। इस कारण छोटे-छोटे बच्चों में भी आंखों की समस्या बढ़ रही है।
इसे नजरअंदाज करना घातक हो सकता है। इसलिए बच्चा जब स्कूल जाना शुरू करे तब एक बार उसकी आंखों की जांच जरूर कराएं। प्राइमरी कक्षाओं से सेकेंडरी कक्षाओं में जाने तथा मैट्रिक में जाने पर सामान्यत: बच्चों की आंखों की जांच करानी चाहिए।
वैसे अगर इससे पहले या बीच में भी किसी प्रकार की समस्या आंखों में दिख रही है तो तत्काल डाक्टर से संपर्क करना चाहिए।
एम्स नई दिल्ली के डा. आरपी सेंटर फार आप्थैल्मिक साइंसेज के पूर्व प्रमुख डा. आजाद रविवार को लोहंडा स्थित दीप आइ अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत की।
उन्होंने कहा कि आंखों को सुरक्षित रखने में हमारे खानपान का काफी योगदान है। बच्चे घर के खाने के बदले फास्ट फूड ज्यादा खा रहे हैं। इसका असर उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ आंखों पर भी पड़ता है। ऐसे में बच्चों को फास्ट फूड से परहेज करना चाहिए।
बच्चों को गाजर, सहजन, आंवला, फल तथा हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन नियमित रूप से करना चाहिए। डा. आजाद ने कहा कि प्रदूषण का काफी असर आंखों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। अगर माता-पिता, दादा-दादी आदि को आंखों की समस्या है तो बच्चों में भी गड़बड़ी की आशंका रहती है।
उन्होंने कहा कि देश में आंखों की बीमारी काफी तेजी से बढ़ रही है। करीब-करीब आधी आबादी नेत्र रोग से ग्रसित है। कहा कि 40 वर्ष के बाद चश्मा लगना तथा 60 वर्ष के बाद मोतियाबिंद तय है। डायबिटीज सहित अन्य बीमारियों की वजह से आंखों में समस्या बढ़ रही है। इसलिए सतर्कता जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।