Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand News: रांची में मिलेगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं, बनेगा एशिया का सबसे बड़ा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रिम्स- 2

    Updated: Wed, 16 Jul 2025 06:59 PM (IST)

    रांची में एशिया का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रिम्स-2 फरीदाबाद के अमृता इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज की तर्ज पर बनेगा। यह संस्थान देश में अपनी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना जाता है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी ने कहा इस परियोजना से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश की स्वास्थ्य संरचना को नई दिशा मिलेगी।

    Hero Image
    फरीदाबाद स्थित अमृता इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज में राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी।

    राज्य ब्यूरो. रांची। झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। रांची में एशिया का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रिम्स-2 फरीदाबाद के अमृता इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज की तर्ज पर बनेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उल्लेखनीय है कि यह संस्थान देश में अपनी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना जाता है। इस परियोजना से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश की स्वास्थ्य संरचना को नई दिशा मिलेगी।

    राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी ने बुधवार को फरीदाबाद के अमृता इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज का दौरा किया। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और दिल्ली में झारखंड के रेसिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल भी थे।

    इस दौरे का उद्देश्य अमृता इंस्टीट्यूट की अत्याधुनिक सुविधाओं, प्रबंधन और तकनीकी ढांचे का अध्ययन करना था ताकि रिम्स-2 को उसी तर्ज पर विकसित किया जा सके।

    डा. इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स-2 न केवल झारखंड की जनता के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।

    यह अस्पताल अत्याधुनिक तकनीकों और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं से लैस होगा, जो मरीजों को बिना किसी देरी के सर्वोत्तम उपचार प्रदान करेगा।

    झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं

    रिम्स-2 परियोजना झारखंड सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतरीन पहल का हिस्सा है। यह अस्पताल न केवल सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि इसमें अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं, मल्टी-स्पेशियलिटी विभाग और रिसर्च सेंटर भी होंगे।

    डा. इरफान अंसारी ने बताया कि इस परियोजना का लक्ष्य झारखंड के लोगों को उनके राज्य में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें इलाज के लिए अन्य राज्यों या देशों की ओर रुख न करना पड़े। यह परियोजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के मरीजों के लिए लाभकारी होगी।

    निर्माण कार्य की रूपरेखा जल्द होगी जारी

    स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रिम्स-2 के निर्माण के लिए जल्द ही विस्तृत रूपरेखा और कार्ययोजना जारी की जाएगी। इस परियोजना में केंद्र और राज्य सरकार के बीच सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

    इसके लिए बजट आवंटन, भूमि अधिग्रहण और तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था पर काम शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण सशक्तीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दे रही है। रिम्स-2 का निर्माण इस दिशा में एक बड़ा कदम है।

    इससे स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा पूरी तरह बदल जाएगा। यह अस्पताल न केवल स्थानीय मरीजों को लाभ पहुंचाएगा, बल्कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले मरीजों के लिए भी एक विश्वसनीय केंद्र बनेगा। इसके अलावा, इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

    अस्पताल के संचालन के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों, नर्सों, और अन्य कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। परियोजना जनता के लिए गेमचेंजर साबित होगी। लक्ष्य है कि हर व्यक्ति को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिले।