रांची में ऑपरेशन के चार दिन बाद भी मरीज को नहीं आया होश, डॉक्टर फरार; परिजनों ने किया जमकर हंगामा
रांची के रातू में अमृत अस्पताल में एक महिला ऑपरेशन के बाद बेहोश हो गई जिसके बाद डॉक्टर फरार हो गया। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल सर्जन ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। महिला को पथरी की सर्जरी के लिए भर्ती कराया गया था।

जागरण संवाददाता, रांची (रातू)। रातू थाना क्षेत्र स्थित अमृत अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक महिला के ऑपरेशन के बाद महिला को चार दिनों से होश ही नहीं आया। जिसके बाद स्वजनों ने जब इसकी जानकारी मांगी तो डॉक्टर ही फरार हो गया। जिसके बाद अस्पताल में हंगामा शुरू हो गया।
महिला की हालत गंभीर बतायी जा रही है। स्वजनों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही से मरीज अब तक बेहोशी की हालत में है, जबकि ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर मौके से फरार है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों के अनुसार इस तरह के मामले में रिकवरी की उम्मीद काफी कम हो जाती है। इसमें एनेस्थीसिया का मुख्य रोल होता है और अगर इसका डोज अधिक हो जाए तो मरीज की मुश्किलें बढ़ सकती है।
इधर, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि अगर लिखित शिकायत मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के मामले में डाक्टरों को अपनी जिम्मेवारी से भागना सही नहीं है।
शनिवार को ही हुआ था ऑपरेशन :
बताया गया कि रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत मायल गांव निवासी तिजु साव ने अपनी पत्नी रूपा देवी (उम्र 38 वर्ष) को 18 जुलाई को अमृत अस्पताल में पथरी (स्टोन) की सर्जरी के लिए भर्ती कराया था।
परिजनों के अनुसार 19 जुलाई को डॉक्टर सुशील कुमार ने लेजर तकनीक से ऑपरेशन किया, लेकिन ऑपरेशन के बाद से ही रूपा देवी को होश नहीं आया है। हंगामा के दौरान डॉक्टर फरार हो जाने के बाद स्वजन और आक्रोशित हो गए।
इस संबंध में मरीज के पति तेजू माहतो ने रातू थाना में अस्पताल एवं डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।