सावधान! गूगल मैप पर रिव्यू से कमाई के नाम पर फ्रॉड, रांची में 180 रुपये देकर युवती से ठगे ₹1.75 लाख
रांची में एक युवती को गूगल मैप पर रिव्यू देने के बहाने पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर साइबर ठगों ने 1.75 लाख रुपये ठग लिए।
-1793425440950_m.webp)
एआई द्वारा बनाई गई तस्वीर
HighLights
युवती से गूगल मैप रिव्यू के बहाने ठगी।
शुरुआत में छोटे भुगतान कर विश्वास जीता गया।
निवेश और गलत भुगतान के नाम पर 1.75 लाख ठगे।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने गूगल मैप पर रिव्यू देने के बदले पैसे कमाने का लालच देकर 25 वर्षीय युवती आकांक्षा प्रियन देवगम से 1.75 लाख रुपये की ठगी कर ली।
इस संबंध में युवती ने साइबर अपराध थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता वर्तमान में गोंदा थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर, गांधीनगर गली नंबर पांच में रहती है। वह मूल रूप से चाईबासा के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित तिरिलबासा की रहने वाली है।
पीड़िता के अनुसार, गुरुवार को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज में पार्ट टाइम नौकरी का प्रस्ताव दिया गया था। काम के तहत गूगल मैप पर दिए गए लिंक को खोलकर किसी स्थान के बारे में रिव्यू और रेटिंग देनी थी।
इसके बदले 180 रुपये देने की बात कही गई। युवती ने टास्क पूरा किया तो उसे 180 रुपये कैनरा बैंक के खाते में भेज दिए गए। इसके बाद उसे टेलीग्राम डाउनलोड करने और वहां दिए गए लिंक के माध्यम से संपर्क करने को कहा गया।
टेलीग्राम पर स्वाति नाम की हैंडल से बातचीत हुई। इसके बाद युवती को लगातार रेटिंग और दूसरे टास्क दिए जाने लगे। दूसरे टास्क के बदले उसे 200 रुपये मिले। शुरुआती भुगतान मिलने से युवती को भरोसा हो गया कि यह वास्तविक नौकरी है।
इसके बाद उसे फुल टाइम जाब के लिए आईडी बनाने का प्रस्ताव दिया गया। स्वाति ने उसकी बातचीत दिव्या मित्तल रिसेप्शनिस्ट नाम की टेलीग्राम आईडी से कराई। वहां युवती को टास्क पूरा करने के लिए पांच हजार रुपये निवेश करने को कहा गया।
इसके लिए एक आईडी का स्कैनर भेजा गया। युवती ने अपने कैनरा बैंक खाते से पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे एक आईडी दी गई, जिसमें जमा राशि बैलेंस के रूप में दिखाई गई।
टास्क पूरा करने के नाम पर बढ़ाते गए रकम की मांग
पीड़िता को इसके बाद एग्रीमेंट कराया गया और जसप्रीत सिंह नाम के टेलीग्राम यूजर को भेजने के लिए कहा गया। सत्यापन के बाद उसे मेगा वीआइपी टास्क 13 ग्रुप में जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में कई लोग टास्क पूरा करने और रकम जमा करने के स्क्रीनशाट साझा कर रहे थे।
इससे युवती को विश्वास दिलाया गया कि दूसरे लोग भी इस प्रक्रिया से पैसे कमा रहे हैं। शिकायत के अनुसार, विहान मुस्तफा ट्यूटर नाम की आईडी से भी उसे टास्क दिए जाते थे। युवती ने बताया कि हर बार उससे कहा जाता था कि उसने गलत रकम जमा कर दी है।
इसके बाद गलती सुधारने के नाम पर पहले से दोगुनी राशि जमा करने का दबाव बनाया जाता था। इस तरह अलग-अलग बहाने बनाकर उससे कुल 1.75 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस फायरिंग; ब्राउन शुगर तस्करों पर 8 राउंड गोलीबारी, अररिया के 2 युवक घायल व 3 गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर: खरौना नहर में मिला राहुल ठाकुर का शव, लावारिस कार से गहराया रहस्य
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।