मुजफ्फरपुर: खरौना नहर में मिला राहुल ठाकुर का शव, लावारिस कार से गहराया रहस्य
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में खरौना नहर से राहुल ठाकुर का शव मिला है। उनकी लक्जरी कार सड़क किनारे ...और पढ़ें

नहर से मिली लाश। फोटो जागरण
HighLights
खरौना नहर में मिला राहुल ठाकुर का शव।
सड़क किनारे लावारिस मिली लक्जरी कार।
पुलिस हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के खरौना नहर में शनिवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पताही निवासी राहुल ठाकुर के रूप में की गई है। नहर से कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे उनकी लक्जरी कार लावारिस हालत में खड़ी पाई गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया है।
बताया जाता है कि सुबह के समय स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक लक्जरी वाहन को संदिग्ध अवस्था में खड़ा देखा। काफी देर तक जब गाड़ी के पास कोई हलचल नहीं हुई, तो लोगों ने पास जाकर तफ्तीश की।
इसी दौरान नहर के पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव की शिनाख्त होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मृतक के स्वजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने घटनास्थल से लक्जरी कार को जब्त कर लिया है और उसे थाने ले आई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कवायद में लग गई है।
यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसे लेकर रहस्य बना हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि मौत से पहले उनकी किससे बात हुई थी।
इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- सहरसा के नायक सूबेदार की बेटी का कमाल, पिता से मिली प्रेरणा तो MNS में हुआ चयन, साक्षी बनीं सेना में लेफ्टिनेंट
यह भी पढ़ें- सहरसा में पुलिस की कार्रवाई, खादीपुर हाट मैदान से 85 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ 2 तस्कर दबोचे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।