विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहरसा के नायक सूबेदार की बेटी का कमाल, पिता से मिली प्रेरणा तो MNS में हुआ चयन, साक्षी बनीं सेना में लेफ्टिनेंट

Published: Wed, 14 Oct 2026 06:14 PM (IST)

Saharsa Daughter Sakshi Lieutenant Indian Army: सहरसा जिले की साक्षी ने भारतीय सेना में मिलिट्री नर्सिंग ऑफिसर के रूप में ...और पढ़ें

सहरसा के बिहरा की रहने वाली साक्षी, जिन्होंने भारतीय सेना में मिलिट्री नर्सिंग ऑफिसर (लेफ्टिनेंट) बनकर जिले का नाम रोशन किया

सहरसा के बिहरा की रहने वाली साक्षी, जिन्होंने भारतीय सेना में मिलिट्री नर्सिंग ऑफिसर (लेफ्टिनेंट) बनकर जिले का नाम रोशन किया 

HighLights

  1. सहरसा की साक्षी बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट।

  2. पिता राजेश कुमार झा से मिली देश सेवा की प्रेरणा।

  3. ग्रामीण बेटियों के लिए बनीं नई प्रेरणास्रोत।

संवाद सूत्र, सत्तरकटैया (सहरसा)। Saharsa Daughter Sakshi Lieutenant Indian Army: "हौसलों के तरकश में जब मेहनत का तीर होता है, तो मंजिल कदम चूमती है।" इसे सच कर दिखाया है सहरसा जिले की होनहार बेटी साक्षी ने। सत्तरकटैया प्रखंड अंतर्गत बिहरा पंचायत निवासी राजेश कुमार झा की सुपुत्री साक्षी ने भारतीय सेना में मिलिट्री नर्सिंग ऑफिसर के रूप में प्रतिष्ठित 'लेफ्टिनेंट' पद हासिल कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।

साक्षी की इस स्वर्णिम सफलता से उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है और घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। साक्षी के परिवार में देश सेवा की भावना संस्कारों में रची-बसी है।

पिता के पदचिह्नों पर चलकर चुनी देश सेवा की राह

साक्षी के पिता राजेश कुमार झा भारतीय सेना में वर्षों तक निष्ठापूर्वक सेवा देने के बाद हाल ही में 'नायक सूबेदार' पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। बचपन से ही घर में पिता की वर्दी और अनुशासन को देखकर बड़ी हुईं साक्षी ने भी उन्हीं के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया था। पिता से मिली प्रेरणा और राष्ट्र सेवा के इसी जज्बे ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

साक्षी की सफलता

  • पद/रैंक: लेफ्टिनेंट (मिलिट्री नर्सिंग ऑफिसर)

  • विभाग: भारतीय सेना (सैन्य नर्सिंग सेवा)

  • पिता का नाम: राजेश कुमार झा (सेवानिवृत्त नायक सूबेदार, भारतीय सेना)

  • गांव/पंचायत: बिहरा पंचायत, प्रखंड- सत्तरकटैया, जिला- सहरसा (बिहार)।

ग्रामीण बेटियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

साक्षी ने अपनी निरंतर मेहनत, लगन और अटूट समर्पण से यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और इरादे मजबूत, तो ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी बेटियां हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि कोसी अंचल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य बेटियों के लिए भी सेना व उच्च पदों पर जाने का एक नया मार्ग और प्रेरणा दी है।

जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने दी बधाई

साक्षी के सैन्य अधिकारी बनने की सूचना मिलते ही गांव और प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने साक्षी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और सेवा से भारतीय सेना व देश का मान निरंतर ऊंचा करेंगी।

उनकी इस शानदार उपलब्धि पर प्रखंड प्रमुख सिंधु कुमारी, पंचगछिया के मुखिया रौशन सिंह कन्हैया, जदयू जिला उपाध्यक्ष भीम नारायण महतो, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोरंजन चौधरी, पैक्स अध्यक्ष ओपेंद्र दास, पैक्स अध्यक्ष संजीव सिंह तथा भवेश झा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर व दूरभाष के जरिए शुभकामनाएं दीं। 

यह भी पढ़ें- ब‍िहार की लक्ष्मी ने 15500 फीट ऊंचे नंदा देवी बेस कैंप पर लहराया त‍िरंगा, अष्टमी पर हुए भव्‍य दर्शन