भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस फायरिंग; ब्राउन शुगर तस्करों पर 8 राउंड गोलीबारी, अररिया के 2 युवक घायल व 3 गिरफ्तार
Nepal Police Firing on Drug Smugglers: नेपाल पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते ...और पढ़ें

Nepal Police Firing on Drug Smugglers: नेपाल में नशा तस्करों पर पुलिस फायरिंग।
HighLights
नेपाल पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर तस्करों पर की गोलीबारी।
अररिया के दो युवक घायल, कुल तीन तस्कर गिरफ्तार हुए।
आधा किलो ब्राउन शुगर, पिस्तौल और बाइकें बरामद की गईं।
संवाद सूत्र, जोगबनी (अररिया)। Nepal Police Firing on Drug Smugglers: भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ नेपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नेपाल के मोरंग जिले अंतर्गत रतुवामाई नगरपालिका क्षेत्र में गुरुवार की रात लागुऔषध (मादक पदार्थ) नियंत्रण ब्यूरो और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम के साथ तस्करों की सीधी मुठभेड़ हो गई।
तस्करों द्वारा पुलिस पर फायरिंग का प्रयास किए जाने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में 8 राउंड गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में बिहार के अररिया जिले के रहने वाले दो युवक पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों समेत तीन तस्करों को दबोच लिया है।
घटनास्थल से पुलिस ने करीब आधा किलोग्राम (500 ग्राम) उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर (हेरोइन), एक पिस्तौल, कारतूस और भारतीय नंबर की बाइक सहित दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस मुठभेड़ के बाद सीमावर्ती जोगबनी और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है।
काठमांडू और विराटनगर पुलिस का संयुक्त ट्रैप, रात 9:30 बजे घेराबंदी
मोरंग पुलिस के सूचना अधिकारी सह डीएसपी मकेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि रतुवामाई नगरपालिका क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सीमा पार तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर काठमांडू के कोटेश्वर स्थित 'लागुऔषध नियंत्रण ब्यूरो' और मोरंग जिला पुलिस विराटनगर की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
गुरुवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस टीम रतुवामाई नगरपालिका वार्ड संख्या-6 स्थित शनिश्चरे के पास सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार तीन संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। इनमें एक बाइक भारतीय नंबर प्लेट (BR 37 V 3926) की थी। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे भागने लगे।
तस्करों ने तानी पिस्तौल, पुलिस ने 8 राउंड चलाईं गोलियां
डीएसपी मिश्र के मुताबिक, घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर पिस्तौल तानते हुए गोली चलाने की कोशिश की। खतरे को भांपते हुए पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से चाइनीज पिस्तौल से पांच राउंड और इटैलियन ब्रेडा पिस्तौल से तीन राउंड, कुल मिलाकर 8 राउंड गोलियां दागी गईं।
फायरिंग में दोनों मुख्य तस्करों के घुटने के नीचे गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर घायलों सहित तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
अररिया के जोगबनी और कुटुमगंज के हैं दोनों घायल, अस्पताल में भर्ती
जांच में घायल दोनों युवकों की पहचान भारतीय नागरिकों के रूप में हुई है। इनमें एक अररिया जिले के जोगबनी थाना अंतर्गत कुशाहा (कुशमाहा) निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार बोसाक और दूसरा कुटुमगंज निवासी 40 वर्षीय पूरन बोसाक है। दोनों को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है।
सीमा पार तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुटीं एजेंसियां
बरामद आधा किलो ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, यह खेप भारतीय सीमा में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी। नेपाल पुलिस गिरफ्तार तीसरे आरोपी और घायलों से उनके नेटवर्क के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है, ताकि सीमा के दोनों तरफ फैले सप्लायरों और खरीदारों तक पहुंचा जा सके। वहीं, घटना के बाद सीमावर्ती सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-नेपाल बॉर्डर पर सतर्कता और गश्त बढ़ा दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।