अररिया में अधेड़ की हत्या से आक्रोश, दुकान से अगवा कर सुरसर नदी के पास पीटा, भारत-नेपाल सीमा पर मिला शव
अररिया के नरपतगंज में एक अधेड़ मो. इजराइल उर्फ धर्मा को दुकान से अगवा कर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें
-1793165716397_m.webp)
रोती बिलखती मृतक के स्वजन
HighLights
मो. इजराइल उर्फ धर्मा की पीट-पीटकर हत्या।
दुकान से अगवा कर सुरसर नदी के पास पीटा।
भारत-नेपाल सीमा पर मिला शव, गांजा तस्करों पर आरोप।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा से सटे घुरना थाना क्षेत्र के पथराहा पंचायत स्थित वार्ड संख्या 14 में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार की देर शाम बदमाशों ने पथराहा निवासी मो. इजराइल उर्फ धर्मा की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतक के स्वजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम करीब एक दर्जन की संख्या में पहुंचे हथियारबंद व दबंग बदमाशों ने मो. इजराइल उर्फ धर्मा को उसकी दुकान से जबरन उठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे सुरसर नदी के पश्चिम ले गए और वहां उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस व SSB की दबिश से शव फेंककर भागे आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को सीमा पार नेपाल ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान घुरना थाना पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (SSB) के जवानों की त्वरित दबिश के कारण तस्कर घबरा गए।

आरोपी शव को भारत-नेपाल सीमा के सीमांकन पिलर संख्या 190/7 व 190/8 के समीप सीमा सड़क से नहर चौक जाने वाली सड़क के पास भारतीय क्षेत्र में ही छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद स्वजन शव को घर ले आए।
गांजा तस्करों पर आरोप, इलाके में पुलिस कैंप
बुधवार की सुबह घुरना पुलिस ने जनप्रतिनिधियों व गण्यमान्य लोगों के सहयोग से कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने सीधे तौर पर गांजा तस्करों पर हत्या का आरोप लगाया है।
घुरना थानाध्यक्ष सुमन कुमारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और स्वजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस बल घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगातार कैंप कर रहा है।
