Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    छेड़खानी से तंग आकर महिला ने 65 साल के वृद्ध की टांगी से काटकर की हत्या, जंगल में मिला शव

    Updated: Wed, 06 Aug 2025 08:03 PM (IST)

    छेड़खानी से तंग आकर एक महिला ने 65 साल के वृद्ध वृक्ष भुइयां की टांगी से हत्या कर दी। घटना छतरपुर के लोटो गांव की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है। पुलिस ने बताया कि लगातार हो रही छेड़खानी के कारण महिला ने यह कदम उठाया।

    Hero Image
    छेड़खानी से त्रस्त महिला ने की वृद्ध की हत्या।

    जागरण संवाददाता, छतरपुर (पलामू)। पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ खोढी पंचायत के लोटो गांव में एक महिला ने लगातार हो रही छेड़खानी से तंग आकर 65 वर्षीय वृद्ध की टांगी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस को मिला था जंगल में शव

    यह मामला 5 अगस्त का है, जब पुलिस को लोटो गांव के जंगल में एक वृद्ध का शव मिला। मृतक की पहचान 65 वर्षीय वृक्ष भुइयां के रूप में हुई। उनके बेटे बिरजू भुइयां ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

    पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

    पुलिस ने जब मामले की छानबीन शुरू की तो उन्हें गांव की ही एक महिला सीमा देवी पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान सीमा देवी ने जो खुलासा किया, वो चौंकाने वाला था। उसने बताया कि मृतक वृक्ष भुइयां लंबे समय से उसके साथ अश्लील व्यवहार और छेड़खानी कर रहा था। बार-बार मना करने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो घटना वाले दिन उसने गुस्से में आकर टांगी से उस पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    टांगी बरामद, आरोपी महिला गिरफ्तार

    सीमा देवी ने बताया कि हत्या के बाद उसने खून से सनी टांगी को जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर टांगी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि हत्या की मुख्य वजह मृतक द्वारा लगातार की जा रही छेड़खानी और मानसिक प्रताड़ना थी।

    इस हत्याकांड का खुलासा करने में सी. धर्मवीर यादव, सी. रंजीत राणा और सुशील उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।