Jharkhand Weather: रांची समेत कई जिलों में 23 मई तक छाए रहेंगे बादल, हल्की वर्षा का अनुमान- येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि गर्मी के मद्देनजर लोगों को सेहत पर काफी ध्यान देने की जरूरत है। दोपहर में 12 से 3 के बीच घर में ही रहें। ऐसा नहीं करते तो पूरी संभावना है कि आपको गर्मी का प्रकोप सहना पड़ेगा।

रांची, जागरण संवाददाता। एक ओर जहां पूरे राज्य में तपती गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है वहीं मौसम विज्ञान केंद्र से राहत भरी सूचना यह है कि 23 मई तक राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और वर्षा होने की पूरी संभावना है। बताया गया है कि राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, धनबाद, पाकुड़, देवघर, गिरिडीह, दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के साथ साथ निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी व हजारीबाग के कुछ हिस्सों में गुरुवार को गर्जन के साथ हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है।
कमोबेश यही हाल 23 मई तक रहेगा। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से सतही हवा के भी बहने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 19 और 20 मई को आरेंज अलर्ट व 23 मई को दोबारा येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने आमजनों से सतर्क रहने व बेवजह बाहर न निकलने की भी सलाह दी है। यद्यपि तापमान में कुछ खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
यही कारण है कि एक माह बाद पहली बार रांची का तापमान 40.3 रिकार्ड किया गया है। राजधानी के अलावे 9 जिलों का तापमान भी पहली बार मई माह में 40 के पार गया है। वहीं पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री रामगढ़ का रिकार्ड किया गया है। वहीं बुधवार को सबसे अधिक वर्षा 4.5 मिमी गढ़वा में रिकार्ड किया गया है।
गर्मी ने बढ़ाई परेशानी
राज्य के 9 जिलों में गर्मी का आंकड़ा 40 के पार चला गया है। जिसमें राजधानी के अलावे जमशेदपुर, बोकारो, डाल्टेनगंज, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह, गढ़वा, रामगढ़ व गोड्डा का नाम शामिल है। इन जिलों में धरती तप रही है और लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। दोपहर को अब लू के भी चलने की संभावना है। मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण लोग बीमार हो रहे है। सबसे अधिक परेशानी फल, सब्जी की रेहड़ी लगाने वालों को हाे रही है। दिनभर उन्हें धूप में काम करना पड़ रहा है। शाम को सूरज ढ़लने के बाद थोड़ी-बहुत राहत मिल रही है। ट्रैफिफ पर तैनात पुलिस जवानों की भी हालत इस धूप में ठीक नहीं है। अभिषेक आंनद ने बताया कि 23 मई तक गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी ने ये दी सलाह
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि गर्मी के मद्देनजर लोगों को सेहत पर काफी ध्यान देने की जरूरत है। दोपहर में 12 से 3 के बीच घर में ही रहें। ऐसा नहीं करते तो पूरी संभावना है कि आपको गर्मी का प्रकोप सहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान व पश्चिमी दिशा से आ रही गर्म हवा झारखंड के मौसम के मिजाज को बिगाड़ रही है। तपिश बढ़ने से अधिकतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही है।
किस जिले में कितना रहा तापमान
रांची: 40.3 डिग्री सेल्सियस
जमशेदपुर: 42.2 डिग्री सेल्सियस
डाल्टेननगंज : 41.7 डिग्री सेल्सियस
बोकारो : 41.6 डिग्री सेल्सियस
देवघर : 43.4 डिग्री सेल्सियस
गढ़वा : 42.4 डिग्री सेल्सियस
गिरीडीह : 42.2 डिग्री सेल्सियस
गोड्डा : 44 डिग्री सेल्सियस
गुमला : 40.0 डिग्री सेल्सियस
हजारीबाग :40.2 डिग्री सेल्सियस
खूंटी :40.1 डिग्री सेल्सियस
लातेहार :40 डिग्री सेल्सियस
लोहरदगा :42.2 डिग्री सेल्सियस
पाकुड़ :41.0 डिग्री सेल्सियस
रामगढ़ :40 डिग्री सेल्सियस
साहिबगंज : 41.2 डिग्री सेल्सियस
सिमडेगा : 41.0 डिग्री सेल्सियस
पश्चिमी सिंहभूम : 42.0 डिग्री सेल्सियस
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।