विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वियतनाम हादसे में मृत रांची के राजा का लौटा पार्थिव शरीर, आज होगा अंतिम संस्कार; 5 लाख देगी सरकार

Published: Sun, 04 Oct 2026 08:21 AM (IST)

वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को स्वदेश लाया ...और पढ़ें

राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर वियतनाम से रांची लाया गया। जागरण

राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर वियतनाम से रांची लाया गया। जागरण

HighLights

  1. राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर वियतनाम से रांची लाया गया।

  2. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर प्रक्रिया पूरी हुई।

जागरण संवाददाता, रांची। वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत पहुंच गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश और श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के प्रयासों से विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और वियतनामी प्राधिकारियों के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

वियतनाम से पार्थिव शरीर को कोलकाता हवाई अड्डे तक लाया गया, जहां आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रांची लाने की व्यवस्था की गई। राजा कुमार वर्मा रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के कैलाश नगर के रहने वाले थे। वह वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। 25 सितंबर को वियतनाम में हुई सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

हादसे के बाद उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजा के निधन की सूचना मिलने के बाद से ही परिवार में मात खबर के बाद कैलाश नगर स्थित उनके घर पर लोगों की भीड़ जुटी रही।

परिजनों ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर राजा का पार्थिव शरीर भारत लाने में मदद की गुहार लगाई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तत्काल विदेश मंत्रालय, वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित वियतनामी अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को भारत लाया गया।

कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद परिजनों ने आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पार्थिव शरीर को रांची स्थित पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से निश्शुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई। खबर लिखे जाने तक राजा का पार्थिव शरीर रांची नहीं पहुंच पाया था।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग की ओर से मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे परिवार को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।

राजा की मौत की खबर के बाद कैलाश नगर स्थित उनके घर पर लोगों की भीड़ जुटी रही। शनिवार की सुबह से देर रात तक स्थानीय लोग और परिचित परिवार को सांत्वना देने पहुंचते रहे। परिजन और आसपास के लोग राजा के पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने का इंतजार करते रहे। परिवार के अनुसार रविवार की सुबह अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी है। 

यह भी पढ़ें- योग सिखाने वियतनाम गए थे झारखंड के दो बेटे, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी; अब पार्थिव शरीर लौटने का इंतजार

यह भी पढ़ें- वियतनाम में योग शिक्षक राजा कुमार की मौत, शव झारखंड लाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल