कंगना के गाल पर बवाल, कांग्रेस के यूपी चुनाव प्रभारी इरफान पर हत्या की धमकी की प्राथमिकी
Jharkhand politics लालगुटवा निवासी महावीर सिंह ने रांची जिले के नगड़ी थाना में दर्ज कराई शिकायत। पिछले दिनों विधायक इरफान अंसारी और महावीर सिंह में जमकर बहसबाजी हुई थी। दोनों अभिनेत्री कंगना रनोट को लेकर आपस में भिड़ गए थे।

रांची, जागरण संवाददाता। झारखंड के रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र के लालगुटवा गांव निवासी भाजपा नेता महावीर सिंह ने कांग्रेस के जामताड़ा क्षेत्र विधायक डा. इरफान अंसारी के खिलाफ गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विधायक इरफान अंसारी पर जान से मारने का आरोप
नगड़ी थाना पुलिस को दिए लिखित बयान में महावीर सिंह ने कहा कि डा. अंसारी ने अभिनेत्री पद्मश्री कंगना रनोट के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। इसको लेकर जब विधायक को फोन किया तो वे गालियां देने लगे। जान से मारने की धमकी भी दी।
महावीर सिंह ने बहसबाजी का आडियो पुलिस को सौंपा
महावीर सिंह ने बातचीत का आडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। उन्होंने नगड़ी थाना पुलिस से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्राथमिकी दर्ज कराने के दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमित सिंह, नगड़ी मंडल अध्यक्ष राकेश केसरी, सांसद प्रतिनिधि केदार महतो व कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कंगना रनोट के गाल पर बयानबाजी से बढ़ा बवाल
मालूम हो कि पिछले दिनों इरफान अंसारी ने बयान दिया था कि झारखंड में कंगना रनोट के गाल की तरह चिकनी सड़क बनाएंगे। इस बयान के बाद मीडिया में वह चर्चा में आ गए थे। इसके बाद महावीर सिंह ने विधायक इरफान अंसारी को फोन किया था। महावीर सिंह ने इरफान अंसारी को भौजी के गाल की तरह सड़क बनाने की सलाह दे दी। भौजी से महावीर सिंह का तात्पर्य इरफान अंसारी की पत्नी से था।
मोबाइल पर देख लेने की विधायक ने दी थी धमकी
मोबाइल पर बहसबाजी के दौरान दोनों के बीच जमकर तू तू-मैं मैं हुआ। मारने और थूक चटवाने तक की बात हुई। जामताड़ा से रांची आकर देख लेने तक की धमकी दी गई। विधायक इरफान अंसारी की धमकी पर महावीर सिंह भी चुनौती देते सुने गए।
भाजपा के नेता हैं महावीर सिंह, नहीं जानते सीपी सिंह
बताया जाता है कि महावीर सिंह भाजपा के नेता हैं। यही कारण रहा कि इरफान अंसारी ने इस बहसबाजी के लिए रांची से भाजपा विधायक सीपी सिंह को दोषी ठहराया। इरफान अंसारी ने कहा कि महावीर सिंह सीपी सिंह का आदमी है। हालांकि, सीपी सिंह कह चुके हैं कि महावीर सिंह को वह नहीं जानते हैं।
यूपी विधानसभा चुनाव में पर्यवेक्षक हैं इरफान
मालूम हो कि जामताड़ा के विधायक डा. इरफान अंसारी जल्द ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे। उनको कांग्रेस पार्टी हाईकमान ने यूपी चुनाव में आगरा जोन का आब्जर्वर बनाया है। डा. इरफान कहते हैं कि तब योगी आदित्यनाथ ने मुझे हराने के लिए यहां प्रचार किया था, अब मेरी बारी है।
आगरा जोन की नौ विधानसभा सीटों का मिला है जिम्मा
इरफान अंसारी कहते हैं कि उनको आगरा जोन की नौ विधानसभा सीटों का जिम्मा दिया गया है। वहां वे पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाकर चुनाव समीकरण साधने की जिम्मेदारी निभाएंगे। बताया कि यूपी में विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है। जो जिम्मेदारी मिली है, उसे बखूबी निभाएंगे। कार्यकर्ताओं की दम पर पार्टी यूपी चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।